Thursday, October 15

पलामू: सोशल मीडिया पर एक फोटो या रील कितनी भारी पड़ सकती है, इसकी तस्वीर अब पलामू में सामने आ रही है। हथियारों के साथ फोटो खिंचवाना, रील बनाना और सोशल मीडिया पर उसे पोस्ट कर दबदबा दिखाना कुछ युवाओं के लिए महंगा साबित हुआ है। पलामू पुलिस ने ऐसे मामलों में मार्च 2026 के बाद से अब तक आधा दर्जन से ज्यादा युवाओं को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, कुछ युवा सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने या अपने इलाके में दबदबा कायम करने के लिए हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे। इनमें कुछ मामलों में हथियार वास्तविक पाए गए, जबकि कुछ लोगों ने नकली हथियारों के जरिए भी सोशल मीडिया पर अपनी धाक दिखाने की कोशिश की।

इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पलामू पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि हथियार के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करना सिर्फ सोशल मीडिया का शोऑफ नहीं है, बल्कि अगर हथियार अवैध है तो यह कानूनी कार्रवाई का आधार भी बन सकता है।

‘ऑपरेशन सफाया’ के बाद सामने आया सोशल मीडिया कनेक्शन

पलामू पुलिस ने अगस्त 2026 के पहले सप्ताह में अवैध हथियारों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सफाया’ शुरू किया था। इस अभियान के तहत पुलिस ने हथियारों से जुड़े 851 लोगों की सूची तैयार की और कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक 29 से अधिक हथियार बरामद किए जा चुके हैं। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कम उम्र के कुछ युवा हथियारों का इस्तेमाल अपराध के लिए ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर अपना दबदबा दिखाने के लिए भी कर रहे हैं।

रील बनाने के लिए कट्टा लेकर पहुंच गए युवक

जुलाई 2026 में सदर थाना क्षेत्र के चियांकि फ्लाईओवर के पास पुलिस ने हथियार के साथ रील बना रहे दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा था। उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

कार्रवाई में पकड़े गए युवकों में कुंदन कुमार रजक की उम्र 19 वर्ष और रविंद्र कुमार रजक की उम्र 18 वर्ष बताई गई। पुलिस के मुताबिक, युवकों ने रील बनाने और इलाके में अपना दबदबा दिखाने के लिए हथियार हासिल किया था।

दोनों हाथों में हथियार लेकर खिंचवाई फोटो

जून 2026 में हरिहरगंज के सरसोत गांव निवासी अभय कुमार भी पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आया। उनके अनुसार, अभय ने दोनों हाथों में हथियार लेकर अपनी तस्वीर खिंचवाई थी और उसे दोस्तों के साथ शेयर किया था।

जांच के बाद पुलिस ने उसके पास से दोनों हथियार बरामद किए। उनके मुताबिक, पूछताछ में हथियार रखने की वजह शौक और शोऑफ बताई गई।

500 रुपये रोज कमाने वाला मिस्त्री 10 हजार में खरीद लाया कट्टा

सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन का एक और मामला 23 अगस्त 2026 को सामने आया। पलामू पुलिस ने पाटन थाना क्षेत्र से करण कुमार नामक वॉल पुट्टी मिस्त्री को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, करण ने गोतिया के बीच दबदबा कायम करने और शोऑफ के लिए देसी कट्टा खरीदा था। खास बात यह रही कि उसकी रोज की कमाई करीब 500 रुपये थी, लेकिन उसने कथित तौर पर 10 हजार रुपये खर्च कर हथियार खरीदा।

यह मामला इस बात की ओर भी इशारा करता है कि कुछ युवा सोशल मीडिया और स्थानीय दबदबे के प्रभाव में अपनी आर्थिक क्षमता से बाहर जाकर भी हथियार हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस की चेतावनी-रील के चक्कर में करियर न करें बर्बाद

पलामू पुलिस ने युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन गंभीर कानूनी मामला बन सकता है। उनके मुताबिक, यदि हथियार अवैध पाया जाता है तो आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार का फोटो या वीडियो डालकर शोऑफ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक गतिविधियों के लिए करने की अपील की है।

उनके कहना है कि आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामला युवाओं के भविष्य और करियर पर भी गंभीर असर डाल सकता है। ऐसे में महज कुछ लाइक्स, व्यूज या दबदबा दिखाने के लिए उठाया गया कदम आगे चलकर बड़ी कानूनी परेशानी बन सकता है।

अवैध हथियार की सूचना देने पर मिलेगा इनाम

अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करने के लिए पलामू पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग मांगा है। पुलिस ने अवैध हथियारों की जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है।

ऑटोमेटिक हथियार की सूचना देने पर 15 हजार रुपये, देसी कट्टा की जानकारी देने पर 5 हजार रुपये और बड़े हथियार की जानकारी देने पर 20 हजार रुपये से अधिक का इनाम दिया जा सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पलामू में पहले से सक्रिय है हथियारों का नेटवर्क

कार्रवाई के बीच पलामू में अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क भी चिंता का विषय बना हुआ है। जांच में बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़े हथियार तस्करों के नेटवर्क की बात सामने आती रही है।

अप्रैल 2024 में पलामू पुलिस ने हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 देसी कट्टे और एक कार्बाइन समेत कई हथियार बरामद किए थे। जांच में कथित तौर पर सामने आया था कि देसी कट्टे 4 से 5 हजार रुपये तक में उपलब्ध कराए जा रहे थे, जबकि ऑटोमेटिक पिस्तौल की कीमत काफी अधिक थी।

पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, पलामू में पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में देसी कट्टे बरामद किए गए हैं। 2022 में 24, 2023 में 23 और 2024 में 22 देसी कट्टे बरामद किए गए। 2025 में 25 देसी कट्टे और 2026 में अब तक 20 से अधिक देसी कट्टे बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।

स्थानीय स्तर पर भी बनते रहे हैं हथियार

पलामू, गढ़वा और लातेहार क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के मामले भी पहले सामने आ चुके हैं। अक्टूबर 2022 में पलामू में एक अवैध हथियार निर्माण इकाई पकड़ी गई थी। उस मामले में देसी तरीके से हथियार बनाए जाने की बात सामने आई थी।

इसके बाद जनवरी 2023 में नावाबाजार थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा किया था, जहां देसी हथियार और कट्टे बनाए जा रहे थे।

रील से शुरू हुआ शोऑफ कहीं अपराध की राह न बन जाए

पलामू में सामने आए ये मामले सिर्फ पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं हैं। इनके पीछे सोशल मीडिया पर दबदबा दिखाने की बढ़ती प्रवृत्ति भी एक गंभीर सवाल के रूप में सामने आ रही है।

एक तस्वीर, एक रील या कुछ सेकंड का वीडियो भले ही सोशल मीडिया पर कुछ समय के लिए चर्चा दिला दे, लेकिन अगर उसके पीछे अवैध हथियार है तो यही शोऑफ गिरफ्तारी, मुकदमे और भविष्य पर असर का कारण बन सकता है।

इसे भी पढ़े – कहीं जमीन धंस रही तो कहीं पड़ रही है घरों में दरारें… धनबाद में भू-धसान रुकने का नाम नहीं

Share.
Next Story
क्या आप भी खाते हैं Everest की हींग? खरीदने से पहले जान लें FSSAI की जांच में क्या निकला
Exit mobile version