Friday, November 20

656.3 एकड़ में विकसित हो रही ग्रीनफील्ड टाउनशिप, ₹469.96 करोड़ से तैयार हो रहा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर; शिक्षा, निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाने की तैयारी

दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला यानी IITF-2026 में झारखंड की विकास योजनाएं लोगों का ध्यान खींच रही हैं। खास तौर पर झारखंड पवेलियन में प्रदर्शित रांची स्मार्ट सिटी के मॉडल को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस मॉडल के जरिए राजधानी रांची की बदलती तस्वीर और भविष्य के शहरी विकास की परिकल्पना को प्रदर्शित किया गया है। आधुनिक सड़कें, स्मार्ट तकनीक, हरित क्षेत्र और बेहतर नागरिक सुविधाओं से लैस यह परियोजना रांची को एक आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों को दर्शाती है।

656.3 एकड़ में विकसित हो रही ग्रीनफील्ड टाउनशिप

रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 656.3 एकड़ में ग्रीनफील्ड टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसके इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर करीब 469 करोड़ 96 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें आधुनिक सड़क नेटवर्क, 24 घंटे बिजली और पानी की आपूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज और भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

वहीं, करीब 146 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से विकसित कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर यानी C4 के माध्यम से शहर की निगरानी, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, ई-चालान और सुरक्षा व्यवस्था को स्मार्ट तकनीक से संचालित किया जा रहा है।

ग्रीन स्पेस और निवेश को भी प्राथमिकता

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। स्मार्ट सिटी के कुल क्षेत्रफल का 37 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन और ओपन स्पेस के लिए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 72 भूखंडों की ई-नीलामी के जरिए आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत निवेश को बढ़ावा देने की योजना है। वहीं, 16 एमएलडी क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और उपचारित जल के दोबारा इस्तेमाल की व्यवस्था भी इस परियोजना का हिस्सा है।

शिक्षा और रोजगार का केंद्र बनेगा रांची

सरकार की योजना रांची को शिक्षा, कौशल विकास और ज्ञान आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की है। इसके लिए अगले 5 से 10 वर्षों में रांची को पूर्वी भारत के अग्रणी शैक्षणिक और कौशल विकास केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और शिक्षा व रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कुल मिलाकर, IITF-2026 में प्रदर्शित रांची स्मार्ट सिटी का मॉडल आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, तकनीकी नवाचार, निवेश और हरित विकास के जरिए झारखंड के भविष्य की एक नई तस्वीर पेश कर रहा है।

Share.
Next Story
नाबालिग बालिका के मामले में पूर्व अध्यक्ष के आरोपों पर बाल कल्याण समिति का पलटवार…
Exit mobile version