रांची पुलिस की पहल से लंबे समय से अपने गुम हुए मोबाइल का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरे पर मंगलवार को खुशी लौट आई। नवीन पुलिस केंद्र स्थित यूसी झा हॉल में रांची पुलिस की ओर से बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
किसी का मोबाइल कुछ महीने पहले गुम हुआ था, तो कुछ लोग ऐसे भी रहे जिनका फोन करीब दो साल बाद वापस मिला। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों की खुशी साफ नजर आई। लाभुकों ने पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया।
दरअसल, गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए रांची पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बरामद किए गए मोबाइल फोन की पहचान और सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया गया।
मोबाइल वापस मिलने वाले लोगों ने बताया कि लंबे समय से उन्हें उम्मीद थी कि शायद उनका फोन कभी वापस नहीं मिलेगा, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद उनका खोया मोबाइल दोबारा उनके हाथ में है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कोतवाली समेत शहर के कई इलाकों में मोबाइल गुम होने और चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में पुलिस की ओर से बरामद मोबाइल को उसके मालिक तक पहुंचाने की पहल आम लोगों के लिए राहत देने वाली है।
मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस का धन्यवाद किया। वहीं, पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल और अन्य जरूरी सामान को लेकर सावधानी बरतें। किसी भी सामान के गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।
पुलिस की इस पहल को सिर्फ खोया मोबाइल वापस दिलाने तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इससे आम लोगों और पुलिस के बीच भरोसा मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़े – अब अस्पताल में नेताओं की नेतागिरी पर रोक, मीडिया पर भी पाबंदी..क्या स्वास्थ्य मंत्री को रोक पाएंगे सिविल सर्जन


