‘हूल से हेमंत तक’ में आदिवासी आंदोलनों और अस्मिता की ऐतिहासिक पड़ताल, ‘द इनविजिबल कूप’ में गिरफ्तारी से नए जनादेश तक की राजनीतिक यात्रा दर्ज
रांची। झारखंड का इतिहास केवल आंदोलनों और सत्ता परिवर्तन की घटनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आदिवासी अस्मिता, जमीन, पहचान और अधिकारों के लिए लंबे संघर्ष की कहानी भी शामिल है। इसी ऐतिहासिक और राजनीतिक यात्रा को केंद्र में रखकर लिखी गयीं दो पुस्तकों के जरिए राज्य के प्रतिरोध और सत्ता संघर्ष के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है। पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित इन दोनों पुस्तकों की एक-एक प्रति भेंट की।
दोनों पुस्तकों में झारखंड के सामाजिक-राजनीतिक इतिहास से लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों तक को शामिल किया गया है। हिंदी पुस्तक का नाम ‘हूल से हेमंत तक — आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ है, जबकि अंग्रेजी पुस्तक ‘The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ शीर्षक से प्रकाशित हुई है। दोनों पुस्तकों का प्रकाशन ‘और एक प्रयास’ ने किया है।
संताल हूल से उलगुलान और आधुनिक राजनीति तक का सफर
470 पृष्ठों की हिंदी पुस्तक झारखंड के आदिवासी प्रतिरोध की ऐतिहासिक कड़ियों को जोड़ती है। इसकी शुरुआत 1855 के संताल हूल से होती है। इसके बाद बिरसा मुंडा के उलगुलान और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में चले आंदोलनों के संदर्भों के जरिए यह पुस्तक हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा तक पहुंचती है। लेखक ने इन घटनाओं को केवल ऐतिहासिक प्रसंग के रूप में प्रस्तुत नहीं किया है, बल्कि इनके पीछे मौजूद जमीन, पहचान, अधिकार और राजनीतिक हिस्सेदारी से जुड़े सवालों को भी रेखांकित किया है।
पुस्तक का ‘प्रतिरोध की कीमत’ नामक अध्याय विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इसमें झारखंड के आंदोलनों को दुनिया के विभिन्न मूलनिवासी आंदोलनों के संदर्भ में रखकर देखा गया है। लेखक ने उन नेताओं और आंदोलनों का जिक्र किया है, जिन्होंने जमीन, पहचान और राजनीतिक अधिकारों की मांग उठाई तथा इसके लिए गिरफ्तारियों और कानूनी लड़ाइयों का सामना किया। इस तरह पुस्तक झारखंड के संघर्षों को व्यापक वैश्विक संदर्भ से जोड़ने की कोशिश करती है।
वहीं, ‘मीडिया में हाशिये पर आदिवासी’ अध्याय में समाचार माध्यमों में आदिवासी समाज और उससे जुड़े मुद्दों की मौजूदगी पर सवाल उठाया गया है। इसमें यह पड़ताल की गयी है कि आदिवासी समाज की समस्याओं, संघर्षों और उनकी मांगों को मीडिया में कितनी जगह मिलती है। यह अध्याय आदिवासी विमर्श और समाचारों में उसकी हिस्सेदारी को लेकर बहस का विषय बन सकता है।
149 दिनों की हिरासत और सत्ता में वापसी का घटनाक्रम
605 पृष्ठों और 48 अध्यायों वाली अंग्रेजी पुस्तक ‘द इनविजिबल कूप’ का केंद्र हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण दौर है। इसमें 31 जनवरी 2024 को मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे और गिरफ्तारी से लेकर 149 दिनों की हिरासत, 28 जून को रिहाई और जुलाई में दोबारा मुख्यमंत्री पद संभालने तक की घटनाओं को दर्ज किया गया है। पुस्तक की राजनीतिक यात्रा नवंबर के विधानसभा चुनाव में मिले नए जनादेश तक पहुंचती है।
इस पुस्तक में गिरफ्तारी से पहले और रिहाई के बाद हेमंत सोरेन के दिए गए साक्षात्कारों को भी शामिल किया गया है। इनके माध्यम से उस राजनीतिक संकट के दौरान मुख्यमंत्री का पक्ष और उनके अनुभव सामने रखने का प्रयास किया गया है। एक अध्याय में सत्ता परिवर्तन के दौरान राजभवन, निर्वाचित सरकार और संवैधानिक प्रक्रिया की भूमिका की पड़ताल की गयी है। इस तरह पुस्तक उस दौर की घटनाओं को केवल राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में नहीं, बल्कि संवैधानिक और संस्थागत संदर्भों में भी देखने की कोशिश करती है।
शिबू सोरेन के निधन के बाद पारिवारिक पक्ष को भी जगह
अंग्रेजी पुस्तक का फोटो अध्याय ‘When the Chief Minister Was Just a Son’ राजनीतिक जीवन से इतर हेमंत सोरेन के पारिवारिक पक्ष पर केंद्रित है। यह अध्याय दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद उनके शोक और एक बेटे के रूप में हेमंत सोरेन की पारिवारिक जिम्मेदारियों को सामने रखता है। इसके अलावा राजनीतिक संकट के दिनों में कल्पना सोरेन की सार्वजनिक भूमिका को भी पुस्तक में स्थान दिया गया है।
दोनों पुस्तकों के जरिए लेखक ने झारखंड के ऐतिहासिक आंदोलनों, आदिवासी अस्मिता और समकालीन राजनीति के बीच संबंधों को दर्ज करने का प्रयास किया है। एक पुस्तक जहां राज्य के प्रतिरोध और सामाजिक-राजनीतिक संघर्षों की लंबी पृष्ठभूमि प्रस्तुत करती है, वहीं दूसरी हाल के वर्षों में हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन के उथल-पुथल भरे दौर का दस्तावेजीकरण करती है। मुख्यमंत्री को पुस्तकों की प्रतियां भेंट किए जाने के साथ ही झारखंड के इतिहास और वर्तमान राजनीति से जुड़े इन दोनों लेखन कार्यों की चर्चा भी सामने आयी है।
