अशोकनगर रोड नंबर-6 में बिल्डर के घर करोड़ों की चोरी, फायरिंग से इलाके में दहशत
बिल्डर अखिलेश पाण्डेय के घर से चोरों ने उड़ाए लाखों के गहने..करोड़ों की चोरी चर्चा में
सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति नजर आया…एक चोर ने बाहरी दीवार के पीछे से कर दी फायरिंग
राजधानी रांची के अशोकनगर रोड नंबर-6 स्थित के निशित केसरी के आवास पर बुधवार की रात दो चोरों ने धावा बोल दिया. एक चोर दीवार के बाहर से सरकारी बॉडीगार्ड पर नजर जमाए हुए था जबकि दूसरे चोर ने छत्त का दरवाजा तोड़ घर के अंदर घुसने का प्रयास किया. सीसीटीवी में चोर को घुसता देख जब बिल्डर निशित केसरी ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई तो उनका सरकारी बॉडीगार्ड मुखदेव पासवान भीतर की तरफ भागा जिसपर दीवार के बाहर खड़े चोर ने मुखदेव पर गोली चला दी. यह गोली मुखदेव के पैर के अंगूठे को छूकर निकल गई. जवाबी फायरिंग में मुखदेव ने भी अपनी AK 47 से गोली चलाई जिसके बाद आसपास के घरों से लोग निकलने लगे और दोनों चोर भाग निकले. निशित केसरी के भाई पारितोष केसरी ने बताया कि इतनी सुरक्षा के बावजूद चोरों का हौसला काफी बढ़ा हुआ था. बाहर से फायरिंग करने वाले चोर के साथ और कितने लोग मौजूद थे यह बताना मुश्किल है.
बिल्डर अखिलेश पाण्डेय के घर से करोड़ों की चोरी
इधर, बुधवार की रात ही चोरों ने राजधानी के एक और चर्चित बिल्डर अखिलेश पाण्डेय के घर से करोड़ों की चोरी को अंजाम दे डाला. अखिलेश पाण्डेय फिलहाल रांची से बाहर हैं उनके भाई गजेंद्र पांडेय ने बताया कि चोरी का आंकलन किया जा रहा है लेकिन करोड़ों की चोरी हुई है जिसमें लाखों रुपयों के गहने शामिल है. गुरुवार की देर शाम पाण्डेय परिवार ने पुलिस को सारे डिटेल्स सौंप दिए हैं.
अशोक नगर है पॉश कॉलोनी, बड़े अधिकारियों के नाम से भी नहीं डरते बेखौफ चोर
अशोक नगर को राजधानी का पॉश कॉलोनी माना जाता है. यहां ज्यादातर राज्य के बड़े ब्यूरोक्रेट्स का आवास है इसके बावजूद चोरों का इस तरह बेखौफ घूमना और फायरिंग तक कर डालना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. इस हाई-प्रोफाइल चोरी और फायरिंग की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या कहा हटिया डीएसपी ने
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वारदात के समय घर पर सुरक्षा गार्ड मौजूद थे. गार्ड के पास AK-47 राइफल भी थी.घटना के दौरान गोली चलने की पुष्टि हुई है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग चोरों ने की या फिर सुरक्षा गार्ड ने.
