Nikola Jurkovic ने AI के अनियंत्रित विकास को लेकर जताई चिंता, वैश्विक स्तर पर सख्त नियम बनाने और संभावित संकट के लिए तैयार रहने की दी सलाह
COVID- 19 के उस दौर को शायद ही कोई भूल सकता है, कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया की रफ्तार रोक दी थी। लॉकडाउन, आर्थिक संकट और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष का वह दौर शायद ही कोई भूल पाया हो। अब AI के तेजी से बढ़ते विकास को लेकर एक रिसर्चर ने ऐसी ही बड़ी चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि साल 2027 में AI के कारण पैदा होने वाला कोई व्यवधान COVID-19 से भी ज्यादा असर डाल सकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने परिवार के लिए कम से कम दो सप्ताह का भोजन और पानी पहले से सुरक्षित रखें।
यह चेतावनी AI Safety Researcher Nikola Jurkovic ने अपने X में एक आर्टिकल ‘A Warning About AI to My Loved Ones’ में दी है। X पर प्रकाशित इस लेख में उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों को संबोधित करते हुए AI के संभावित खतरों के बारे में आगाह किया है। Jurkovic का कहना है कि वह कई वर्षों से AI के विकास को लेकर चिंतित हैं और लोगों को इन खतरों के बारे में समय रहते जानकारी मिलनी चाहिए।
AI का विकास बन सकता है बड़ी चिंता
Jurkovic के मुताबिक, AI सिस्टम तेजी से बेहतर हो रहे हैं। उन्हें आशंका है कि भविष्य में AI इंसानी बुद्धिमत्ता से भी आगे निकल सकता है। अगर ऐसे सिस्टम इंसानी नियंत्रण से बाहर हो गए या उनके लक्ष्य मानव हितों के विपरीत हुए, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि AI का दुरुपयोग महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को प्रभावित करने और बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।
लेख में उन्होंने 2027 तक सुपरह्यूमन AI विकसित होने की संभावना जताई है। वहीं, 2030 के अंत तक मानवता के नष्ट होने या AI के हाथों अपना नियंत्रण खो देने का जोखिम उन्होंने लगभग 50 प्रतिशत बताया है। हालांकि, ये लेखक के व्यक्तिगत अनुमान हैं, प्रमाणित वैज्ञानिक निष्कर्ष या निश्चित भविष्यवाणी नहीं।
दो सप्ताह का खाना-पानी रखने की सलाह
लेखक ने केवल AI के संभावित खतरों की चर्चा नहीं की, बल्कि लोगों को व्यक्तिगत स्तर पर तैयारी करने की सलाह भी दी है। उनका सुझाव है कि परिवार के लिए करीब दो सप्ताह का भोजन और पानी सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा, अगर ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो ऐसी स्थिति के लिए कुछ नकदी भी उपलब्ध रखी जाए।
Jurkovic ने आशंका जताई है कि अगले साल AI से जुड़ी कोई घटना दुनिया की सामान्य जीवनशैली को COVID-19 से भी ज्यादा प्रभावित कर सकती है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि ऐसा व्यवधान किस रूप में सामने आ सकता है।
AI पर वैश्विक नियम बनाने की अपील
Jurkovic का मानना है कि AI के संभावित खतरों को कम करने के लिए दुनिया के देशों को मिलकर सख्त नियम बनाने चाहिए। उन्होंने आम लोगों से अपने जनप्रतिनिधियों तक AI के विकास को नियंत्रित करने की मांग पहुंचाने और इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।
लेख के अंत में उन्होंने बताया कि AI की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता ने उन्हें अपना करियर इसी क्षेत्र में समर्पित करने के लिए प्रेरित किया है। उनका संदेश है कि AI का विकास मानवता के हित में होना चाहिए और इसके संभावित खतरों से निपटने की तैयारी समय रहते शुरू होनी चाहिए।
