Friday, November 27
दस्तावेज निबंधन को लेकर भड़का विवाद थाने पहुंचा, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए दुर्व्यवहार और काम में बाधा डालने के आरोप
रांची: राजधानी के डोरंडा स्थित अवर निबंधन कार्यालय (शहरी क्षेत्र संख्या-2) में गुरुवार, 26 नवंबर को कामकाज के दौरान भारी हंगामे और विवाद का मामला सामने आया है। दस्तावेज निबंधन की प्रक्रिया के बीच एक अधिवक्ता और कार्यालय कर्मियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई, जिसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर डोरंडा थाने पहुंच गए।
कर्मियों का आरोप- अधिवक्ता ने की गाली-गलौज
घटना के संबंध में अवर निबंधक की ओर से डोरंडा थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कार्यालयी कामकाज के दौरान एक अधिवक्ता ने कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
अधिवक्ता पक्ष ने वीडियो जारी कर लगाए गंभीर आरोप
दूसरी तरफ, इस विवाद का एक वीडियो क्लिप भी सामने आया है, जिसमें अधिवक्ता पक्ष ने कार्यालय कर्मियों के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अधिवक्ता पक्ष की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि कार्यालय कर्मियों ने ही हंगामा किया, अभद्र व्यवहार पर उतर आए और सरकारी कामकाज में बाधा डाली।
खतियान विवाद की चर्चाओं पर विराम
कार्यालय में हुए इस हंगामे के बाद पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि विवाद की वजह खतियान न मिलना है। हालांकि, सामने आए तथ्यों और दोनों पक्षों की शिकायतों से साफ हो गया है कि पूरा मामला दस्तावेज निबंधन के दौरान आपसी व्यवहार और तकरार से जुड़ा है, इसमें खतियान का कोई जिक्र नहीं है। फिलहाल डोरंडा पुलिस दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share.
Next Story
अभिषेक भारती प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग, प्रेस क्लब के सामने मिशन बदलाव का धरना
Exit mobile version