Thursday, November 26

18 वर्षीय युवक की मौत के बाद अस्पताल में रखा गया था शव, सुबह लेने पहुंचे परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप; अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जमशेदपुर। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में शव की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक 18 वर्षीय युवक का शव दोनों आंखों के बिना मिलने का मामला सामने आया है। सुबह जब परिजन शव लेने अस्पताल पहुंचे तो उसकी हालत देखकर हैरान रह गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि शव की दोनों आंखें गायब हैं। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी हंगामा हुआ। परिवार के लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी 18 वर्षीय सूरज प्रमाणिक की बुधवार को फांसी लगाने से मौत हो गई थी। घटना के बाद शव को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में रखवाया गया था।

गुरुवार सुबह परिजन जब शव लेने अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने शव की दोनों आंखें गायब होने का आरोप लगाया। यह देखकर परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में विरोध जताने लगे। परिजनों का सवाल है कि अस्पताल में सुरक्षित रखे गए शव के साथ इस तरह की घटना कैसे हुई?

घटना के सामने आने के बाद एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था और शवगृह की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और शव की स्थिति को लेकर क्या स्पष्टीकरण देता है।

Share.
Next Story
संविधान दिवस पर धनबाद समाहरणालय में गूंजा संविधान का संदेश, अधिकारियों-कर्मियों ने ली कर्तव्यों के पालन की शपथ
Exit mobile version