गुप्त सूचना पर CISF NK और पिपरवार की टीम ने की कार्रवाई, ट्रक से मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
पिपरवार। अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CISF NK एवं पिपरवार की संयुक्त टीम ने बुधवार रात बुड़मू क्षेत्र में कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया। टीम को देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान ट्रक से चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया। CISF ने जब्त ट्रक और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बुड़मू थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
गुप्त सूचना पर 40 किलोमीटर तक निगरानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, CISF के उप कमांडेंट दिनेश कुमार को सूचना मिली थी कि अवैध कोयला लदा एक ट्रक बुड़मू की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इसके लिए छापर, कोले रेलवे रोड, हिंदगीर और बुड़मू समेत करीब 35 से 40 किलोमीटर के क्षेत्र में वाहनों की निगरानी की गई।
इसी दौरान बुधवार रात करीब 9:15 बजे निरीक्षक पंकज झा के नेतृत्व वाली टीम ने बुड़मू क्षेत्र में ट्रक संख्या OD09P-4797 को जांच के लिए रोका। CISF की टीम को सामने देखकर चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद जवानों ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस मिला। लाइसेंस के आधार पर चालक की पहचान इरफान अंसारी के रूप में की गई।
MMDR एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए आवेदन
मामले में CISF की ओर से अवैध कोयला परिवहन को लेकर MMDR एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए बुड़मू थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है। जब्त ट्रक और बरामद सामान भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं। फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से की गई आगे की कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
इस अभियान में उप कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक पंकज झा, निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, निरीक्षक कुलदीप कुमार समेत CISF के अन्य जवान शामिल थे।
