धनबाद: अभिजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सूरज यादव और प्रशांत राउत उर्फ सानू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों को जेल भेजे जाने के दौरान एक आरोपी स्ट्रेचर पर लेटा नजर आया, जबकि दूसरा लंगड़ाते हुए पुलिस के साथ चलता दिखा। पुलिस के मुताबिक, जन्मदिन की पार्टी में मामूली विवाद के बाद अभिजीत पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया था। आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद उस पर बाइक भी पटक दी गई थी। गंभीर रूप से घायल अभिजीत की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
जन्मदिन की पार्टी में हुआ था विवाद
मामला 19 अक्टूबर का है, जब धनबाद के एक होटल में आयोजित जन्मदिन की पार्टी के दौरान अभिजीत सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई थी। घटना में गंभीर रूप से घायल अभिजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतक के पिता राज प्रकाश ने धनबाद थाना में पांच नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने विशेष टीम बनाकर की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। इसी क्रम में सूरज यादव और प्रशांत राउत उर्फ सानू को गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय के मुताबिक, पुलिस घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे, कपड़े और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस के अनुसार, भागने की कोशिश में सूरज यादव का पैर टूट गया। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है।
15 से 20 लोगों के शामिल होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में 15 से 20 लोग शामिल थे। मामले में पांच नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
दोनों आरोपियों को जेल भेजे जाने के दौरान मृतक के पिता राज प्रकाश भी जेल गेट पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
