चतरा: चतरा सदर थाना क्षेत्र से अपहृत ऑटो चालक तिलक यादव को पुलिस ने बिहार के गया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश दांगी (47) और मनोज कुमार (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से अपहरण में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक
पुलिस के मुताबिक, नगवां निवासी सुरेंद्र यादव ने 16 सितंबर को सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके भाई तिलक यादव का 13 सितंबर को अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। आवेदन के आधार पर सदर थाना में कांड संख्या 390/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से तिलक यादव का सुराग जुटाया। इसके बाद पुलिस टीम बिहार पहुंची और गया जिले के धनगाई थाना क्षेत्र से तिलक यादव को सकुशल बरामद कर लिया। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
कैलाश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कैलाश दांगी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में अपहरण, हत्या, लूट, आपराधिक साजिश और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं मनोज कुमार के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह बिहार के गया जिले में अवैध शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
अपहरण के मकसद की जांच जारी
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तिलक यादव के अपहरण के पीछे क्या मकसद था और इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
इसे भी पढ़े – RKDF University के कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर का जन्मदिन समारोह बना सेवा का अवसर, रक्तदान से गौसेवा तक आयोजन
