झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई धांधली व पेपर लीक मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने कोडरमा जिले में छापामारी करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों को गहन पूछताछ के लिए रांची लाया गया है।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, सीआईडी की टीम गुप्त सूचना मिलने के बाद गुरुवार रात कोडरमा पहुंची थी। सबसे पहले कार्रवाई डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब गांव में की गई, जहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया। इसके तुरंत बाद टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में दबिश देकर एक और युवक को पकड़ा। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों से जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर कड़ी पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी को शक है कि इनका संबंध पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े गिरोह से हो सकता है।
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा
गौरतलब है कि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा 2023 में अनियमितताओं को लेकर राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर सीआईडी ने मामले की जांच शुरू की। अगस्त माह से अब तक इस मामले में सीआईडी कई अभ्यर्थियों और बिचौलियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा कार्रवाई से यह भी संकेत मिलता है कि जांच एजेंसी अब मामले की तह तक पहुंचने के लिए नए सिरे से नेटवर्क को खंगाल रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़े – हॉकी के रंग में रंगी रांची, 11 राज्यों की टीमों के बीच शुरू हुआ मुकाबला
