Tuesday, October 13

लातेहार। स्वतंत्रता दिवस के दिन लातेहार में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़टंगवा घाटी में एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पहले बाइक से टकराया और फिर सामने से आ रहे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कंटेनर लोहरदगा की ओर से चंदवा की तरफ आ रहा था। घाटी के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सामने से जा रही बाइक कंटेनर की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार महिला और बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ।

इसके बाद बेकाबू कंटेनर सामने से आ रहे ऑटो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम और मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों के साथ उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली।

डेढ़टंगवा घाटी में हादसों को लेकर चिंता

इस दुर्घटना के बाद डेढ़टंगवा घाटी में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ढलान और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने और हादसों की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी वजह और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

इसे भी पढ़े – JPSC-JSSC Reform Manch का बड़ा ऐलान, 18 तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो CM आवास का घेराव

Share.
Next Story
बीरभूम में पूर्व विधायक आशीष बंद्योपाध्याय की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव
Exit mobile version