रांची। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष पाण्डेय ने 6 और 7 सितंबर 2026 को रांची का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने झारखंड में बैंक के कारोबार, ग्राहक सेवा और भविष्य के विस्तार की संभावनाओं की समीक्षा की।
दौरे के दौरान बैंक की विकास रणनीति में बेहतर ग्राहक सेवा और मजबूत ग्राहक संबंधों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। MD-CEO ने ग्राहकों को सरल, तेज और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने रिटेल, कृषि और MSME सेक्टर में कारोबार विस्तार को भी महत्वपूर्ण बताया। खासतौर पर युवाओं, उद्यमियों, किसानों और छोटे कारोबारियों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंकिंग सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने पर जोर
बदलते बैंकिंग माहौल को देखते हुए तकनीकी उन्नयन और डिजिटल बैंकिंग के प्रभावी इस्तेमाल को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को अधिक आसान और सुलभ बनाना है, खासकर युवाओं को आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना।
राज्य सरकार के साथ सहयोग बढ़ाने की पहल
झारखंड के आर्थिक विकास में बैंक की भूमिका को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में आशीष पाण्डेय ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की। दोनों के बीच झारखंड में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और राज्य सरकार के साथ सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
यूनियन बैंक की ओर से कहा गया कि झारखंड में उद्यमिता, रोजगार और आय सृजन को बढ़ावा देने के लिए ऋण और बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से सहयोग जारी रखा जाएगा।
बैंक की आगे की रणनीति में ग्राहक सेवा में सुधार, तकनीक आधारित बैंकिंग, रिटेल-एग्रीकल्चर-MSME (RAM) क्षेत्र में वृद्धि, बाजार हिस्सेदारी बढ़ाना और झारखंड के आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी को प्रमुखता दी गई है।


