Sunday, September 13

राँची। राजधानी राँची में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। लोअर बाजार थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में शातिर अपराधी धीरज जलान उर्फ रूप को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 40 कांड दर्ज हैं। उसके पास से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, लोअर बाजार थाना कांड संख्या 134/2026, दिनांक 08 अगस्त 2026 को चर्च कॉम्प्लेक्स के पास से राजेश कुमार सिंह की बुलेट बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। चोरी गई बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FN-1360 बताया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व के मामलों में आरोपी अपराधियों का सत्यापन शुरू किया। इसी क्रम में पुलिस को धीरज जलान के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने हरमू रोड इलाके से उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल, एक मास्टर चाबी और बाइक का लॉक तोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वेल्डिंग कर बनाया गया पेंचकस औजार बरामद किया।

पहले से करीब 40 मामलों का आरोपी

पुलिस के अनुसार धीरज जलान पहले से ही कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है। करीब 40 मामलों से जुड़े इस आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

पुलिस की इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, पुअनि सत्य प्रकाश, पुअनि सुधीर बाड़ा, पुअनि रवि कुमार वर्मा, पुअनि अरविन्द कुमार, सअनि अजय कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share.
Next Story
FJCCI चुनाव : व्यवसायियों के लिए भयपूर्ण रहा आदित्य मलहोत्रा का कार्यकाल ! मुकेश अग्रवाल का दावा भयमुक्त व्यापारिक वातावारण का होगा निर्माण..फिर मुकेश अग्रवाल टीम ने कैसे मिला लिया आदित्य मलहोत्रा से हाथ ?
Exit mobile version