गुमला। भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। पानी से भरे खुले शौचालय टैंक में डूबने से 9 वर्षीय अरमान अंसारी और 5 वर्षीय जैद अंसारी की जान चली गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते वे निर्माणाधीन शौचालय टैंक के पास पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, शौचालय टैंक का निर्माण कराया जा रहा था और उसे खुला छोड़ दिया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण टैंक में पानी भर गया था। इसी पानी में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हो गई।
काफी देर तक जब अरमान और जैद घर के आसपास दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान टैंक के पास दोनों बच्चों की चप्पल दिखाई दी। चप्पल मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद टैंक के अंदर तलाश की गई, जहां दोनों बच्चों के शव बरामद हुए।
दोनों मासूमों के शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, वहां मातम छा गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना ने खुले छोड़े गए निर्माणाधीन टैंक और बारिश के दौरान बढ़ने वाले ऐसे खतरों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर भरनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इसे भी पढ़े – रांची के मेन रोड में जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू, संजय सेठ ने किया भूमि पूजन




