साहिबगंज के बरहेट में पशु परिवहन के दौरान नहीं मिले वैध दस्तावेज, पुलिस ने 12 बैल किए जब्त और दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; पशु क्रूरता और गोवंश संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज

झारखंड के साहिबगंज जिले में कथित पशु तस्करी और गोवंशों के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। बरहेट थाना क्षेत्र में देर रात 12 गोवंशीय पशुओं को एक साथ रस्सी से बांधकर ले जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। मौके से सभी 12 बैलों को बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि इस मामले की जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने पुलिस प्रशासन को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, गौतम यादव रांची से साहिबगंज लौट रहे थे। इसी दौरान बरहेट थाना क्षेत्र में उनकी नजर 12 गोवंशों पर पड़ी, जिन्हें कथित तौर पर एक ही रस्सी से बांधकर ले जाया जा रहा था। पशुओं को ले जाने के तरीके पर संदेह होने के बाद उन्होंने मामले की सूचना साहिबगंज एसपी और पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित इलाके में कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, दो गिरफ्तार
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर की रात करीब 3:30 बजे रात्रि गश्ती के दौरान भी इस संबंध में सूचना मिली थी। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तलबड़िया गांव पहुंची। वहां 12 बैलों को एक ही रस्सी से बांधकर ले जाते हुए दो व्यक्तियों को देखा गया। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र निवासी जसीम हुसैन (35) और पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र निवासी सुरजा पहाड़िया (50) के रूप में हुई है।
परिवहन के कागजात नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस ने जब गोवंशों के परिवहन और स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे इन 12 बैलों को गोड्डा से राजमहल के जामनगर ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सभी पशुओं को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरहेट थाने में प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में बरहेट थाना कांड संख्या 132/26, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम और झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कुल चार प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
वहीं, घटना के दौरान थाना स्तर पर पुलिस के व्यवहार को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव की नाराजगी की बात भी सामने आई है। हालांकि, वरीय पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई आगे बढ़ी। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कथित अवैध पशु परिवहन का मामला चर्चा में है।


