डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मतदाता जागरूकता बढ़ाने की पहल, युवाओं और शिक्षण संस्थानों की भागीदारी पर विशेष जोर; ECINet ऐप के माध्यम से मिलेगी चुनाव संबंधी कई सुविधाएं

मतदाता जागरूकता बढ़ाने और निर्वाचन संबंधी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आज यानी 5 नवंबर को विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक एक घंटे का #DownloadECINet अभियान आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ECINet ऐप के प्रति जागरूक करना और उन्हें चुनाव से जुड़ी डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है।
झारखंड में भी इस अभियान को लेकर विशेष तैयारी की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। इसके लिए कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को अपने मोबाइल में ECINet ऐप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता संदेश साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर ऐसे जुड़ेंगे लोग
अभियान के दौरान नागरिकों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे ECINet ऐप डाउनलोड करने के बाद उसका स्क्रीनशॉट, मतदाता जागरूकता से जुड़ी सेल्फी, वीडियो और अन्य प्रचार सामग्री फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें। इन पोस्ट के साथ निर्धारित हैशटैग #DownloadECINet का इस्तेमाल करना होगा, ताकि अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
एक ऐप में मिलेंगी निर्वाचन से जुड़ी कई सुविधाएं
ECINet ऐप भारत निर्वाचन आयोग का एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं, नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं, आवेदन की स्थिति देख सकते हैं और ई-ईपीआईसी यानी डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क, शिकायत दर्ज कराने और चुनाव से संबंधित जानकारियां प्राप्त करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के युवाओं पर विशेष फोकस
इस अभियान में खास तौर पर उन युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, जो 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हैं और अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं। ऐसे पात्र युवाओं को फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र के माध्यम से मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। ऐसे में आज दोपहर 12 से 1 बजे तक चलने वाले इस अभियान के जरिए डिजिटल जागरूकता के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।


