75 साल पुराने कांके सर्वोदय स्कूल की 21 एकड़ जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद, मैदान के बीच से गुजर रही चारदीवारी; प्राचार्य की शिकायत पर डीईओ ने तत्काल काम रोकने का दिया आदेश

रांची। वाह रे कल्याण विभाग! न स्कूल प्रबंधन से एनओसी, न शिक्षा विभाग से अनुमति और न ही मैदान पर पड़ने वाले असर की चिंता। सीधे 75 साल पुराने स्कूल के खेल मैदान में चारदीवारी खड़ी करने का काम शुरू करा दिया गया। राजधानी रांची के कांके स्थित वर्ष 1950 में स्थापित सर्वोदय स्कूल का मामला कुछ ऐसा ही है। करीब 21 एकड़ में फैले स्कूल परिसर में कल्याण विभाग की ओर से लगभग 1.30 करोड़ रुपये की लागत से चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि यह चारदीवारी स्कूल के एकमात्र खेल मैदान के बीचोंबीच से गुजर रही है। इससे स्कूल के अस्तित्व और विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्कूल की जमीन पर कई संस्थान, अब मैदान की बारी?
कांके सर्वोदय स्कूल राज्य सरकार द्वारा संचालित है। परिसर की जमीन पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और बुनियादी विद्यालय भी चलते हैं। वहीं, रांची विश्वविद्यालय ने यहां बालक बीएड कॉलेज और छात्रावास का निर्माण कराया है। कल्याण विभाग की ओर से 100 बेड का अनुसूचित जनजाति छात्रावास भी बनाया गया है। अब विभाग इसी परिसर में नई चारदीवारी का निर्माण करा रहा है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि संबंधित जमीन स्कूल की है और उन्हें इस निर्माण की पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
बच्चों का मैदान घेरकर आखिर किसका रास्ता बनाया जा रहा?
चारदीवारी के निर्माण को लेकर सबसे गंभीर सवाल स्कूल के खेल मैदान पर उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि नई बाउंड्री मैदान के बीच से गुजर रही है। इसी मैदान में जिला और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। इतना ही नहीं, स्कूल के पीछे क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण भी कराया जा रहा है। ऐसे में यदि मैदान के बीच चारदीवारी खड़ी कर दी जाती है, तो विद्यार्थियों की स्टेडियम तक पहुंच कैसे होगी? जिस मैदान में बच्चे खेलते हैं, उसी को दीवार से बांट देने पर स्कूल की खेल गतिविधियां कैसे चलेंगी?
पीछे की टूटी बाउंड्री की चिंता नहीं, नई दीवार बनाने की जल्दी!
हैरानी की बात यह है कि स्कूल की पिछली चारदीवारी पहले से टूटी हुई है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, टूटे हिस्से से नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। इसकी सूचना कई बार नजदीकी थाने को भी दी गई है, लेकिन समस्या बनी हुई है। स्कूल में छात्राएं भी पढ़ती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। एक तरफ पुरानी टूटी चारदीवारी की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है, तो दूसरी तरफ खेल मैदान के बीच नई बाउंड्री खड़ी की जा रही है।
न एनओसी ली, न अनुमति; प्राचार्य की शिकायत पर डीईओ ने रोका काम
स्कूल के प्राचार्य के अनुसार, जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है, वह स्कूल की जमीन है। उन्हें निर्माण की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। मामले को लेकर प्राचार्य ने जिला शिक्षा पदाधिकारी वाशिम अहमद से बातचीत की। जानकारी के मुताबिक, कल्याण विभाग की ओर से इस निर्माण के लिए स्कूल प्रबंधन या शिक्षा विभाग से किसी तरह का एनओसी नहीं लिया गया है। प्राचार्य की शिकायत के बाद डीईओ ने तत्काल निर्माण कार्य बंद करने का आदेश दिया है।
जवाब देने से बचते दिखे संबंधित अधिकारी
इस पूरे मामले पर जब झारखंड डिजिटल की टीम ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से संपर्क किया, तो स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। जिला शिक्षा पदाधिकारी वाशिम अहमद ने बताया कि वह बाहर थे और व्यस्त हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) ने फोन काट दिया। निर्माण करा रहे ठेकेदार ने खुद कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर नंबर गलत होने की बात कही। दूसरी ओर, प्राचार्य ने बातचीत के लिए समय दिया था, लेकिन दोबारा संपर्क करने पर उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
दीवार खड़ी होगी या स्कूल का मैदान बचेगा?
करीब 75 साल से शिक्षा की अलख जगा रहे कांके सर्वोदय स्कूल के सामने अब अपने खेल मैदान और परिसर की जमीन को बचाने का सवाल खड़ा है। आखिर किस आधार पर स्कूल की जमीन पर चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है? क्या बच्चों के खेल मैदान और उनकी सुविधाओं का कोई महत्व नहीं है? जब शिक्षा विभाग की अनुमति और एनओसी को लेकर ही सवाल उठ रहे हैं, तो निर्माण की प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ी? फिलहाल डीईओ के आदेश के बाद निर्माण कार्य रोकने की बात सामने आई है। अब देखना होगा कि कल्याण विभाग इस मामले में क्या जवाब देता है और स्कूल के खेल मैदान को बचाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।


