गुमला: जिले के भरनो थाना क्षेत्र में बालू लदे तीन हाइवा जब्त किए जाने के बाद रविवार देर शाम खान विभाग और वाहन संचालकों के बीच विवाद हो गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई हाइवा संचालक भरनो थाना पहुंच गए और जब्ती का विरोध करते हुए हंगामा किया। इस दौरान खान निरीक्षक और वाहन संचालकों के बीच तीखी बहस भी हुई।
जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक अरविंद के नेतृत्व में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अभियान के दौरान बालू लदे तीन हाइवा को पकड़ा गया और उन्हें भरनो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हाइवा संचालकों ने लगाए गंभीर आरोप
वाहन संचालकों ने खान निरीक्षक पर कार्रवाई के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि खान निरीक्षक बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो से कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे थे और वाहन चालकों के साथ मारपीट की गई।
हालांकि, खान निरीक्षक अरविंद ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके साथ कोई बाउंसर नहीं था, बल्कि उनका निजी चालक मौजूद था।
एसडीओ के निर्देश पर कार्रवाई का दावा
खान निरीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई गुमला एसडीओ के निर्देश पर अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ की गई। उन्होंने कहा कि पकड़े गए तीनों हाइवा के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया गया है।
वहीं, वाहनों की जब्ती के बाद देर रात तक थाना परिसर में हाइवा संचालकों और खान विभाग के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
इसे भी पढ़े – टंडवा में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, सुशी इंफ्रा के दफ्तर पर 8 राउंड गोलियां चलाने का आरोप


