रांची: शहर में लगातार आयोजित हो रहे धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली और आमसभाओं को लेकर रांची जिला प्रशासन ने आयोजकों और आम लोगों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों की पूर्व सूचना और आवश्यक अनुमति मिलने से विधि-व्यवस्था, जन-सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कई बार धरना-प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रमों की पूर्व जानकारी प्रशासन को नहीं दी जाती। ऐसे आयोजनों के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुछ परिस्थितियों में इससे विधि-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण धरना और विरोध-प्रदर्शन नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसका इस्तेमाल सार्वजनिक व्यवस्था, जन-सुरक्षा, यातायात और दूसरे नागरिकों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए कानून और सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों के अनुसार किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम से पहले लेनी होगी अनुमति
सार्वजनिक स्थानों पर धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली या आमसभा आयोजित करने वालों को अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर या बुंडू द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। आयोजकों से कार्यक्रम से पहले आवश्यक अनुमति लेने और प्रशासन को इसकी जानकारी देने की अपील की गई है।
खासकर जुलूस और रैली के लिए आयोजकों को प्रस्तावित रूट, कार्यक्रम की तारीख, शुरू और समाप्त होने का समय और संभावित प्रतिभागियों की संख्या की जानकारी प्रशासन को देनी होगी। जरूरत के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी।
सार्वजनिक रास्ता बाधित करने से बचने की अपील
प्रशासन ने कहा है कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ऐसा कोई काम नहीं किया जाना चाहिए, जिससे बिना अनुमति सड़क या सार्वजनिक स्थान पर आवागमन बाधित हो, लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो या अन्य नागरिकों के अधिकारों में अनुचित हस्तक्षेप हो।
वहीं, छात्रों और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी कार्यक्रम में शामिल होने से पहले आयोजकों से उसकी वैधानिक स्थिति और प्रशासन द्वारा तय शर्तों की जानकारी जरूर लें। साथ ही अफवाह या भ्रामक सूचना के आधार पर कोई ऐसा कदम न उठाएं, जिससे कानून-व्यवस्था या यातायात प्रभावित हो।
प्रशासन ने साफ किया- मकसद कार्यक्रम रोकना नहीं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूर्व सूचना और अनुमति की व्यवस्था का उद्देश्य शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक कार्यक्रमों को रोकना नहीं है। इसका उद्देश्य कार्यक्रम में शामिल लोगों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने राजनीतिक दलों, सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न संस्थाओं तथा आम नागरिकों से निर्धारित नियमों का पालन करने और समय पर कार्यक्रम की जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
इसे भी पढ़े – गुमला में बालू लदे 3 हाइवा जब्त होने पर हंगामा, खान निरीक्षक पर मारपीट के आरोप


