रांची: बेंगलुरु से रांची पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में रविवार सुबह एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उड़ान के दौरान यात्री को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद केबिन क्रू ने विमान में उपलब्ध ऑक्सीजन की मदद से उसकी स्थिति संभाली। यात्री की हालत स्थिर होने के बाद विमान ने सुबह 8:55 बजे रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड किया।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX 1239 ने सुबह 6:35 बजे बेंगलुरु से रांची के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ देर बाद एक यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पायलट और केबिन क्रू ने तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराई। इसके बाद यात्री की स्थिति स्थिर रही और विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी।
रांची एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचने के बाद यात्री की स्वास्थ्य जांच की गई। स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई।
ऑक्सीजन बोतलों की व्यवस्था के कारण आगे की फ्लाइट हुई लेट
इधर, विमान में इस्तेमाल हुई ऑक्सीजन बोतलों के बाद रांची से बेंगलुरु जाने वाली अगली फ्लाइट के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था करना जरूरी हो गया। फ्लाइट संख्या IX 1244 को सुबह 9:35 बजे रांची से बेंगलुरु के लिए रवाना होना था, लेकिन आवश्यक ऑक्सीजन बोतलों की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण उड़ान समय पर नहीं भर सकी।
इसके बाद एयरलाइन ने दिल्ली से आने वाली फ्लाइट के जरिए अतिरिक्त ऑक्सीजन बोतलें मंगाईं। जरूरी व्यवस्था पूरी होने के बाद IX 1244 ने दोपहर 1:51 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। इस तरह फ्लाइट निर्धारित समय से 4 घंटे 16 मिनट की देरी से रवाना हुई।
यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार
फ्लाइट में देरी के कारण बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर कई घंटे इंतजार करना पड़ा। वहीं, जिन यात्रियों की बेंगलुरु से आगे कनेक्टिंग फ्लाइट थी, उनकी यात्रा भी प्रभावित होने की आशंका रही।
इसे भी पढ़े –धरना-प्रदर्शन और जुलूस को लेकर रांची प्रशासन की अपील, अनुमति लेना जरूरी


