- कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, निजी वाहनों से अस्पताल पहुंच रहे मरीज
झारखंड। राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा बाधित होने से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने के लिए लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे मरीजों के परिजनों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर 108 एंबुलेंस के कर्मचारी बुधवार की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों के इस आंदोलन का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखने लगा है। अस्पतालों में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को लाने और गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सरकार के साथ पहले बनी सहमति को भी अब तक लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और पूर्व में बनी सहमति पर अमल नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। खासकर आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना परिजनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
