Sunday, October 25

झारखंड के कोडरमा की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा लक्ष्मी की दिल्ली के एक सरकारी स्कूल परिसर में आत्मदाह के बाद मौत हो गई। वह शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, नोट में छात्रा ने अभिभावकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने का जिक्र किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पानी पीने के बहाने क्लास से निकली थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में सामान्य रूप से कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान लक्ष्मी पानी पीने की बात कहकर क्लासरूम से बाहर निकली। बताया जा रहा है कि वह गार्ड रूम और पंप हाउस के पीछे गई, जहां उसने अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली।

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस को मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। नोट में एक लड़के का जिक्र होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।

सुबह हंसते हुए स्कूल गई थी लक्ष्मी

परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह लक्ष्मी को उसकी बहन स्कूल के गेट तक छोड़ने गई थी। उस समय वह सामान्य थी और हंसते-मुस्कुराते हुए स्कूल के अंदर गई थी। परिवार का कहना है कि उन्हें उसके किसी तरह के तनाव में होने की जानकारी नहीं थी।

लक्ष्मी कृष्णा नगर के घोंडली इलाके में किराये के मकान में अपने भाई-भाभी और बहनों के साथ रहती थी। वह रोज की तरह स्कूल गई थी और परिवार को उसके लौटने का इंतजार था।

परिवार को फोन कर कहा गया—‘कुछ बड़ा हो गया है’

लक्ष्मी की भाभी के मुताबिक, स्कूल की ओर से शुरुआत में उन्हें घटना की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। दोपहर करीब 12:40 बजे उसकी बहन के पास स्कूल से फोन आया। फोन पर सिर्फ इतना कहा गया कि ‘कुछ बड़ा हो गया है।’ इसके बाद परिवार के लोग परेशान हो गए। बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे तक जब लक्ष्मी स्कूल से बाहर नहीं आई, तो उसकी भाभी उसे तलाशते हुए स्कूल के गेट पर पहुंचीं।

घटना की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, छात्रा की परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share.
Next Story
महाछठ पूजा समिति गांधीनगर गेट की नई कमेटी गठित, अखिलेश राय बने अध्यक्ष
Exit mobile version