Sunday, October 25

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तुंगी गांव में एक महिला की हत्या कर उसके शव को घर के अंदर ही जमीन में दफनाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। घर में खून के निशान देखने के बाद बेटियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के फर्श की खुदाई कराई गई, जहां से महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

चार दिनों से लापता थी महिला, बेटियों को हुआ शक

यह मामला पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से लापता थी। महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर गांव के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने फोन कर उसकी शादीशुदा बेटियों को सूचना दी।

खबर मिलते ही दोनों बेटियां मायके पहुंचीं और मां की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की अंदरूनी दीवारों पर खून के धब्बे दिखाई दिए। इन निशानों को देखकर उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पांड्राशाली थाना पुलिस को सूचना दी।

घर के फर्श की खुदाई में मिला शव

सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के दौरान आशंका जताई गई कि महिला के शव को घर के अंदर ही जमीन के नीचे छिपाया गया है। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के फर्श की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुरुवारी हांसदा का शव बरामद हुआ। शव सड़-गल चुका था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।

पति हिरासत में, हत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस

मामले में पुलिस ने मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को घर के अंदर दफनाने के पीछे क्या वजह थी।

प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share.
Next Story
महाछठ पूजा समिति गांधीनगर गेट की नई कमेटी गठित, अखिलेश राय बने अध्यक्ष
Exit mobile version