Sunday, September 13

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की 62वीं वार्षिक आमसभा शनिवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आमसभा में 156 सदस्य शामिल हुए। इस दौरान चैंबर की वार्षिक गतिविधियों, वित्तीय रिपोर्ट और आगामी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

वार्षिक गतिविधियों और आय-व्यय का हुआ अनुमोदन

आमसभा में महासचिव रोहित अग्रवाल ने चैंबर के मौजूदा सत्र की वार्षिक गतिविधियों की रिपोर्ट सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की। सदस्यों ने इसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। वहीं कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की बैलेंस शीट और आय-व्यय का ब्यौरा रखा, जिसे सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।

सभा में चैंबर के ऑडिटर की नियुक्ति भी सर्वसम्मति से की गई। मेसर्स जेएन अग्रवाल एंड कंपनी को एक और वर्ष के लिए चैंबर का ऑडिटर नियुक्त किया गया।

दावोस से लेकर आईटी पार्क तक की उपलब्धियां गिनाईं

अपने संबोधन में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 2026 फेडरेशन के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला वर्ष रहा। उन्होंने बताया कि पहली बार फेडरेशन को झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में शामिल होने का अवसर मिला। वहां झारखंड की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि फेडरेशन के प्रयासों से अनधिकृत भवनों के नियमितीकरण, पंडरा कृषि मंडी को मतगणना से मुक्त रखने, कृषि मंडियों और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, बैंकिंग सुविधाओं तथा व्यापारिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर पहल हुई।

इसके अलावा निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 114 देशों के दूतावासों से संपर्क, विभिन्न संस्थानों के साथ एमओयू तथा सिंगापुर और जापान के बिजनेस डेलीगेशन से जुड़े अवसरों को भी उन्होंने फेडरेशन की प्रमुख गतिविधियों में शामिल बताया।

आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य में आईटी पार्क और निफ्ट की स्थापना की दिशा में भी फेडरेशन के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन का लक्ष्य झारखंड को निवेश, उद्योग, रोजगार और नई तकनीक के क्षेत्र में देश का प्रमुख गंतव्य बनाना है।

सदस्यों ने खड़े होकर किया अध्यक्ष का अभिनंदन

आमसभा में मौजूद सदस्यों ने खड़े होकर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के कार्यकाल की सराहना की और चैंबर की ओर से किए गए कार्यों की प्रशंसा की।

अपने संबोधन में आदित्य मल्होत्रा ने व्यापार एवं उद्योग जगत, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मीडिया सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने अपने दिवंगत पिता सुदर्शन कुमार मल्होत्रा को याद करते हुए अपनी माता, भाई, पत्नी और परिवार के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से फेडरेशन से सक्रिय रूप से जुड़े रहना उनके जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा रही है। इस दौरान कई चुनौतियों का सामना करने के साथ उपलब्धियों का हिस्सा बनने और साथियों का विश्वास एवं स्नेह हासिल करने को उन्होंने अपनी बड़ी पूंजी बताया।

रविवार को होगा चैंबर चुनाव

आमसभा के दौरान चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सदस्यों से सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

रविवार को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

चुनाव पदाधिकारियों ने तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्विरोध चुने जाने की भी घोषणा की। इनमें अमरजीत सिंह सलूजा (कोयलांचल), विजय आनंद मूंका (कोल्हान) और विनय कुमार अग्रवाल (नॉर्थ छोटानागपुर) शामिल हैं।

वहीं रविवार को 21 कार्यकारिणी सदस्यों के साथ पलामू, साउथ छोटानागपुर और संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव होगा।

ट्रैफिक को लेकर भी अपील

चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने सदस्यों से शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अधिक से अधिक सदस्य पैदल, साइकिल या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से मतदान केंद्र तक पहुंचने का प्रयास करें।

आमसभा में उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, अनिल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, रमेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष आर.के. सरावगी, ललित केडिया, गिरीश मल्होत्रा, अर्जुन जालान, अरुण बुधिया, मनोज नरेड़ी, अंचल किंगर, पवन शर्मा, विनय अग्रवाल समेत चैंबर के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Share.
Next Story
रांची यूनिवर्सिटी में पीएचडी के लिए रिकॉर्ड तोड़ आवेदन, 331 सीटों पर 1470 दावेदार
Exit mobile version