Thursday, October 29

रांची: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए झारखंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली रवाना होना शुरू हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को रांची से 13 बसों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने बसों को रवाना किया।

SIR और वोट के अधिकार का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस

रैली को लेकर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है। कार्यकर्ता ट्रेन और बसों के माध्यम से रैली में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस महारैली के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करने और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

शिल्पी नेहा तिर्की ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई। कांग्रेस का कहना है कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है।

दिल्ली में जुटेंगे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

कांग्रेस की ओर से आयोजित इस महारैली में देश के विभिन्न राज्यों से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। झारखंड से भी कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने के लिए बसों और ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।

रांची से 13 बसों को रवाना किए जाने के साथ ही राज्य में रैली की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। अब सभी की नजरें 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली पर टिकी हैं, जहां कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मतदाता सूची पुनरीक्षण, मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाने की तैयारी में हैं।

Share.
Next Story
JTET परीक्षा 1 नवंबर को, रांची के 101 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू
Exit mobile version