सोशल मीडिया पोस्ट में किया दावा- गैंग के पास और भी अत्याधुनिक हथियार मौजूद; स्कूल संचालक राजेंद्र यादव गिरफ्तार, तीन-चार साथी फरार
झारखंड के गुमला जिले में AK-56 राइफल और कार्बाइन समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। हथियारों की बरामदगी के बाद सोशल मीडिया पर राहुल सिंह नाम के एक व्यक्ति ने पोस्ट जारी कर इन हथियारों को अपने गैंग का बताया है। उसने दावा किया है कि उसके गैंग के पास ऐसे कई और अत्याधुनिक हथियार मौजूद हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
रेड वैगनआर से मिला था हथियारों का जखीरा
जानकारी के अनुसार, भरनो थाना क्षेत्र के लोकोटोली गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाल रंग की वैगनआर कार से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए थे। बरामद हथियारों में AK-56 राइफल और कार्बाइन के साथ भारी मात्रा में कारतूस शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान स्कूल संचालक राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया
सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल सिंह का बड़ा दावा
हथियारों की बरामदगी के बाद राहुल सिंह नाम के व्यक्ति की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में उसने बरामद AK-56 और कार्बाइन को अपने गैंग का हथियार बताया है। साथ ही दावा किया है कि उसके गिरोह के पास अभी और भी अत्याधुनिक हथियार हैं।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि इन हथियारों को पलामू-गुमला फोरलेन से जुड़े अधिकारियों को डराने और अपने काम करवाने के उद्देश्य से रखा गया था। इस पोस्ट के सामने आने के बाद हथियार बरामदगी का मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस की जांच पर टिकी नजरें
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। गिरफ्तार स्कूल संचालक राजेंद्र यादव से पूछताछ और फरार आरोपियों की तलाश के जरिए हथियारों के स्रोत, उनके इस्तेमाल के उद्देश्य और संभावित नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर राहुल सिंह की ओर से किए गए दावों की भी जांच की जरूरत है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद हथियारों का वास्तविक कनेक्शन किससे है और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
