रांची, 19 अगस्त 2026। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की 13वीं बैठक बुधवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्तमान सत्र की गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा के साथ आगामी वार्षिक आमसभा एवं चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने घोषणा की कि झारखंड चैंबर की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर 2026 को चैंबर भवन में आयोजित होगी। वहीं, सत्र 2026-27 की कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का चुनाव 13 सितंबर 2026 को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में कराया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए कार्यकारिणी समिति ने पूर्व अध्यक्ष अंचल किंगर को चुनाव चेयरमैन तथा पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा को को-चेयरमैन मनोनीत किया है। महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि वार्षिक आमसभा-सह राज्यस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री की सहमति मिलने पर आमसभा के द्वितीय सत्र का आयोजन मारवाड़ी भवन में किया जाएगा।
वर्तमान सत्र की उपलब्धियों की हुई समीक्षा
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा प्रदेश के व्यापारियों और उद्यमियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और सहभागिता के कारण चैंबर का वर्तमान कार्यकाल प्रभावी एवं उपलब्धियों से भरपूर रहा।
बैठक में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने वर्तमान सत्र की उपलब्धियों के लिए अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व और प्रयासों की सराहना की। क्षेत्रीय उपाध्यक्षों द्वारा वर्षभर किए गए कार्यों एवं सक्रिय सहभागिता की भी प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल और रमेश कुमार को वर्षभर में उनके उत्कृष्ट योगदान एवं सक्रिय प्रयासों के लिए कार्यकारिणी समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
216 बैठकों का आयोजन बना रिकॉर्ड
महासचिव रोहित अग्रवाल ने वर्तमान सत्र की वार्षिक रिपोर्ट कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत की, जिसे समिति ने अनुमोदित कर दिया। वहीं, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने सत्र 2025-26 की ऑडिटेड बैलेंस शीट प्रस्तुत की, जिसे भी कार्यकारिणी समिति ने मंजूरी दे दी।
उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ ने सभी उप समितियों के चेयरमैन द्वारा वर्षभर की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि एक वर्ष के दौरान 216 बैठकों का आयोजन चैंबर के लिए ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। उप समितियों की सक्रियता से चैंबर की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, रमेश कुमार सहित कार्यकारिणी समिति के सदस्य, पूर्व अध्यक्ष एवं विभिन्न उप समितियों के चेयरमैन उपस्थित रहे।
