फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी और बैंककर्मी बनकर करते थे ठगी, कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें।
देवघर। साइबर ठगी के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे और फोन पे के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक का कर्मचारी बताकर भी लोगों से पैसे ऐंठते थे।
आरोपी कैशबैक का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वहीं, प्रधानमंत्री किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल तक पहुंच बनाते थे। एयरटेल पेमेंट बैंक का कार्ड बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी ठगी की जाती थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अर्जुन दास, सगीर अंसारी, अताउल अंसारी, सराफत अली, अकबरूल अंसारी, लतीफ अंसारी और शमीम मियां के रूप में हुई है। सभी देवघर जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
