Saturday, November 21

मंगलहाट के टिक्कर टोला में 19 नवंबर को हुई थी फायरिंग, आरोपियों की निशानदेही पर दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद

साहेबगंज : झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में युवती को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की शाम राजमहल थाना को सूचना मिली कि मंगलहाट के टिक्कर टोला में गौरी कुमारी (पिता केदार मंडल) को गोली लगी है। सूचना मिलते ही साहेबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन मंडल (पिता सुरेश मंडल), मनीष मंडल (पिता निधिर मंडल) और भोलू प्रमाणिक (पिता लखी प्रमाणिक) के रूप में हुई है। तीनों राजमहल थाना क्षेत्र के मंगलहाट स्थित मलाही टोला के निवासी हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

शादी और प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात आई सामने

इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बताया जाता है कि 19 नवंबर को गौरी कुमारी शादी करने की इच्छा से केदार मंडल के घर पहुंची थी। इसके बाद केदार मंडल और उनके परिवार के सदस्यों ने उसे समझाकर वापस घर भेज दिया।

आरोप है कि इस घटना के बाद युवती के पक्ष के कुछ लोग केदार मंडल के घर पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इसके कुछ देर बाद किशन मंडल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और फायरिंग कर दी। इस दौरान गौरी कुमारी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गई।

दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज

इस घटना को लेकर राजमहल थाना में कांड संख्या 422/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वहीं, अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद राजमहल थाना में कांड संख्या 424/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a, 26 और 35 के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 21 नवंबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share.
Next Story
गुरु नानक जयंती पर 22 नवंबर को बदलेगी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था, भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक
Exit mobile version