Saturday, November 21

खूंटी जिले में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में शनिवार को एसपी ऋषभ गर्ग ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसडीपीओ खूंटी और जिले के सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिले में अफीम की खेती की आशंका वाले इलाकों पर विशेष नजर रखने की रणनीति बनाई गई। एसपी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी करने के साथ स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि अवैध अफीम की खेती की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने इस अभियान में ग्रामीणों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने और संबंधित सरकारी विभागों के सहयोग से अवैध खेती के खिलाफ अभियान चलाने पर जोर दिया।

अवैध खेती की सूचना पुलिस को देने की अपील

एसपी ऋषभ गर्ग ने जिले के लोगों से अफीम की खेती से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना नजदीकी थाने को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई दोनों स्तरों पर सतर्कता बरती जाएगी।

Share.
Next Story
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले कौशल प्रशिक्षण और सिख समाज के प्रतिनिधि, दो कार्यक्रमों में शामिल होने का दिया न्योता
Exit mobile version