रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान उन्हें 23 नवंबर को आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह और 24 नवंबर को होने वाले सिख समाज के प्रकाश पर्व कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
पहली मुलाकात अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी और प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 23 नवंबर 2026 को प्रोजेक्ट भवन सभागार, रांची में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित 3,044 छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रेझा फाउंडेशन के चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर मिनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट अमित वाल्मीकि और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चितरंजन सामंत राय मौजूद रहे।
वहीं, दूसरी मुलाकात में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रकाश पर्व में शामिल होने का निमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम 24 नवंबर 2026 को रांची के पीपी कंपाउंड स्थित श्री गुरुनानक स्कूल में आयोजित होगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव गगनदीप सेठी, गुरुगोविंद सिंह स्कूल के सचिव रंजीत सिंह हैप्पी, पार्षद परमजीत सिंह टिंकू, झारखंड सिख फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, गुरुनानक हॉस्पिटल के सदस्य राजदीप सिंह ऋषि, प्रोफेसर हरविन्द्र वीर सिंह, जशपाल सिंह पंधेर, ध्यान सिंह और हरजीत सिंह सिंकी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
