सरायकेला / रांची : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मिले रघु महतो के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक रघु महतो और गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे। आरोप है कि वेतन मिलने के बाद रघु महतो के पास मौजूद पैसे लूटने के उद्देश्य से आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कृषि विज्ञान केंद्र के पास छोड़ दिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, 11 हजार रुपये और मोबाइल बरामद
पुलिस ने इस मामले में शंकर सरदार, रवि महतो और भीम महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक से कथित तौर पर लूटे गए 11 हजार रुपये, मोबाइल फोन और शर्ट बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई थी टीम
मामले के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।


