रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के बरका-सयाल क्षेत्र में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने कार्रवाई करते हुए सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के एक कर्मचारी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान अभय कुमार बख्शी के रूप में हुई है। वह भुरकुंडा के सौंदा डी स्थित CCL के परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत बताया जा रहा है।
विभागीय काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, अभय कुमार बख्शी सौंदा डी के परियोजना पदाधिकारी अजय मेहता के निजी सहायक (PA) के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि वह मृत CCL महिला कर्मी रीना देवी के पति गंगा प्रधान से विभागीय काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत के बाद CBI ने बिछाया जाल
मामले में शिकायत मिलने के बाद CBI की टीम ने जांच की। इसके बाद जाल बिछाकर कथित तौर पर 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए अभय कुमार बख्शी को गिरफ्तार कर लिया।
CBI की इस कार्रवाई के बाद बरका-सयाल क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।


