रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नकली नोटों को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। तमाड़ के सिंदवारी साप्ताहिक बाजार में 500-500 रुपये के नकली नोट चलाने के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) का ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष है और सालुकडीह का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, साप्ताहिक बाजार में खरीदारी के दौरान युवक पर दुकानदारों को 500 रुपये के नकली नोट देने का आरोप लगा। नोटों पर संदेह होने के बाद दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान युवक की पिटाई किए जाने की भी सूचना है।
बताया जा रहा है कि युवक के पास से 500 रुपये के करीब 38 नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 19 हजार रुपये बताई जा रही है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची तमाड़ पुलिस युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
पुलिस की पूछताछ जारी, नोटों के स्रोत पर सवाल
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। नकली नोटों के स्रोत और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर भी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
इसे भी पढ़े – 1 नवंबर से फोन पर दिखेगा कॉल करने वाले का नाम….


