बुढ़मू: रांची के बुढ़मू में बुधवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के बैंक मोड़ चौक के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुए इस हादसे में छात्रा का दाहिना पैर शरीर से कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल छात्रा की पहचान गुरुगाई गांव निवासी बुतुरू साहू की पुत्री मिठू साहू के रूप में हुई है। वह ठाकुरगांव स्थित आदिवासी बाल विकास विद्यालय में नौवीं कक्षा में पढ़ती है।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आई छात्रा
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (नंबर जेएच 01 सीजे 6266) तेज रफ्तार में रातू से बुढ़मू की ओर जा रही थी। इसी दौरान बैंक मोड़ चौक के पास छात्रा इसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका दाहिना पैर कटकर अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों में दुख और आक्रोश देखा गया। घायल छात्रा की हालत गंभीर बताई गई है।


