बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सभी गेट खुले हैं और संयंत्र का संचालन सामान्य रूप से जारी है। संयंत्र में आवागमन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सभी गेटों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की है। रविवार को डीसी अजय नाथ झा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
उपायुक्त कार्यालय में सुबह 11 बजे हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, एएसपी वेदांत शंकर, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार, डीएसपी सिटी राजीव रंजन और बीएस सिटी थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आम लोगों के आवागमन को सुचारु रखने और संयंत्र के कामकाज में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने को लेकर चर्चा की गई। प्रशासन के मुताबिक, तैनात अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी गेट खुले रहें और प्लांट का संचालन निर्बाध रूप से चलता रहे।
बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर धरना या विरोध-प्रदर्शन करने से पहले सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना पूर्व अनुमति प्रदर्शन आयोजित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि विधि-व्यवस्था, जनसुरक्षा और बीएसएल के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


