रांची के पंडरा ओपी में महिला के द्वारा खुदकुशी का प्रयास किया गया. चोरी के आरोप में पीड़ित महिला और उसके पति को मंगलवार की शाम 7 बजे पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था. रात भर पूछताछ की गई और बाद में आरोपी पति पत्नी को हाजत (कमरे ) में बंद कर दिया गया. सुबह महिला ने खुद को दुपट्टे के सहारे फांसी से लटका लिया. पुलिस ने आनन फानन में महिला को सिटी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डाक्टर उसकी जान बचाने का प्रयास कर रहे हैं. डाक्टरों का कहना है महिला की हालत गंभीर है और 24 घंटे तक कुछ भी कह पाना मुश्किल है. जानकारी के मुताबिक, महिला और उसके पति को पड़ोसी के घर में चोरी के आरोप में पंडरा पुलिस थाने लाई थी जहां आरोपों से आहत होकर महिला ने खुदकुशी की कोशिश की. पीड़ित के करीबियों का कहना है कि स्थानीय पुलिस ने एक लाख रुपए की मांग की और यह भी कहा कि महिला को नहीं छोड़ा जा सकता लेकिन आरोपी पीड़िता के पति को छोड़ दिया जाएगा. इधर पुलिस का कहना है कि महिला की निशानदेही पर जेवरात बरामद किए गए हैं.
पंडरा पुलिस के बयान अलग अलग
थानाप्रभारी विवेक कुमार का कहना है कि महिला ने बाथरूम में आत्महत्या करने की कोशिश की है जबकि पीड़िता के पति का कहना है कि महिला को जिस कमरे में बंद किया गया था वहीं पर आत्महत्या का प्रयास किया है. लेकिन पीड़िता को लेकर अस्पताल पहुंचे पुलिस पदाधिकारी का कहना है कि महिला ने थाना के बाहर बरामदा में कोशिश किया है फांसी लगाने का. गम्भीर बात यह है कि क्या बाथरूम में फांसी लगाने के लिए पंखे का हुक कैसे लगा होगा ? इस मामले की जांच अब वरीय पुलिस अधिकारियों को ही करना चाहिए क्योंकि पंडरा पुलिस मामले को रफा दफा करने के प्रयास में है.


