सिमडेगा / रांची: झारखंड के सिमडेगा जिले में जमीन और मकान खरीदने का सपना देख रहे एक व्यक्ति के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ही जमीन और मकान का सौदा पहले एक व्यक्ति से 12.50 लाख रुपये में तय किया गया। खरीदार ने 9.60 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया और जमीन-मकान का दखल-कब्जा भी उसे सौंप दिया गया। लेकिन रजिस्ट्री कराने की बारी आई तो पता चला कि उसी जमीन को 15 लाख रुपये लेकर दूसरी महिला के नाम पर रजिस्ट्री करा दी गई है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो प्राथमिकी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

2014 में हुई थी जमीन बेचने की बात
पुलिस के अनुसार, मामला सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र के बांसजोर ओपी अंतर्गत भुकुंडा गांव का है। गांव के रहने वाले अनसेलेम एक्का ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2014 में अल्बर्ट हेमरोम ने उन्हें 12 लाख 50 हजार रुपये में जमीन, मकान और घेरा बेचने का प्रस्ताव दिया था। उनकी बातों पर भरोसा कर अनसेलेम एक्का जमीन खरीदने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद 16 मई 2024 को दोनों के बीच जमीन का एकरारनामा किया गया। इस दौरान अल्बर्ट हेमरोम को 30 हजार रुपये अग्रिम दिए गए। साथ ही जमीन, मकान और घेरा का दखल-कब्जा भी अनसेलेम एक्का को सौंप दिया गया।
अनसेलेम एक्का के अनुसार, 16 मई 2024 से 23 अक्टूबर 2024 के बीच उन्होंने अलग-अलग तारीखों में कुल 9 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान किया। इसके बावजूद जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर नहीं कराई गई।
15 लाख रुपये लेकर दूसरी महिला के नाम कराई रजिस्ट्री
आरोप है कि लाखों रुपये लेने के बाद भी अल्बर्ट हेमरोम ने जमीन और मकान की रजिस्ट्री अनसेलेम एक्का के नाम पर नहीं की। इसके बजाय उसी जमीन को 15 लाख रुपये लेकर किसी दूसरी महिला नीतू बड़ाइक के नाम पर रजिस्टर्ड करा दिया गया।
जब अनसेलेम एक्का ने इस पर आपत्ति जताई और अपने पैसे तथा जमीन को लेकर सवाल उठाए, तो आरोप है कि उनके और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले में न्यायालय में दायर परिवाद पत्र संख्या 226/2026 के आधार पर पुलिस ने 3 अक्टूबर 2026 को जलडेगा (बांसजोर ओपी) थाना कांड संख्या 58/24 दर्ज किया। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो प्राथमिकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान 70 वर्षीय अल्बर्ट हेमरोम और 48 वर्षीय विजय बाघवार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 31 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अब जांच में जमीन की रजिस्ट्री, भुगतान और कथित तौर पर दूसरी महिला के नाम किए गए दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल अहम होगी।


