रांची: रांची पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गैंग के पांच कथित सदस्य और हथियार सप्लाई करने वाला जियाउल हबीब शामिल है। पुलिस ने इनके पास से चार पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन, छह मोबाइल फोन, एक कार और एक पल्सर बाइक बरामद की है। कार्रवाई के दौरान सीठियो में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें सौरभ कुमार के पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।

एसएसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर राहुल दुबे गैंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी टीम ने 30 अक्टूबर को कांके रिंग रोड के पास एक कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया। शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस को गैंग के अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता कांके, हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में सामने आई है। इन घटनाओं को लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि गैंग के सदस्य किन लोगों के संपर्क में थे और फायरिंग की घटनाओं के पीछे क्या वजह थी।
रांची पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस का फोकस गैंग के हथियार सप्लाई नेटवर्क, फायरिंग की घटनाओं में कथित भूमिका और अन्य सहयोगियों की पहचान पर है। आशंका है कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है।


