जमशेदपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सराफा कारोबारी से हुई लूट के मामले में अब जमशेदपुर का कनेक्शन सामने आया है। लूटे गए चांदी के जेवरात की तलाश में छत्तीसगढ़ पुलिस ने बुधवार को जुगसलाई में छापेमारी की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में करीब एक किलो चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। वहीं, लूट के जेवरात खरीदने के आरोप में जुगसलाई निवासी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पांडातराई निवासी सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी के साथ लूट की वारदात हुई थी। वह तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के मछरीरेवार मंदिर घाटी से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद डंडे से मारपीट कर उनके पास मौजूद चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
वारदात के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 1,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक बरामद की थी।
जांच में सामने आया जुगसलाई का कनेक्शन
लूटकांड की जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान लूटे गए जेवरात का कनेक्शन जमशेदपुर के जुगसलाई से सामने आया। इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से जुगसलाई में छापेमारी की। इस दौरान करीब एक किलो चांदी के जेवरात बरामद हुए और सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूटे गए जेवरात किस तरह जुगसलाई तक पहुंचे और इस पूरे मामले में अन्य किन लोगों की भूमिका हो सकती है। छत्तीसगढ़ में हुई लूट की वारदात के तार जमशेदपुर से जुड़ने के बाद पुलिस की जांच अब इस नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है।


