सिजेरियन मरीज की मौत के बाद चिकित्सकों का कार्य बहिष्कार, दो दिनों से ऑपरेशन थिएटर और लेबर रूम की सेवाएं प्रभावित…गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए भटकना पड़ा

हजारीबाग। एक तरफ दीपावली की रात पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा था, तो दूसरी तरफ हजारीबाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच) में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। अस्पताल का लेबर रूम अंधेरे में डूबा रहा और प्रसव सेवाएं बाधित रहीं। ऐसे में प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दरअसल, सिजेरियन से प्रसव कराने आई एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ था। इसी घटना के विरोध में चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इसका असर लगातार दो दिनों तक अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर देखने को मिला। लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं प्रभावित रहीं। अस्पताल में चिकित्साकर्मी मौजूद थे, लेकिन डॉक्टरों के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा था।
सरकारी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव की उम्मीद लेकर पहुंची कई गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों के सामने परेशानी खड़ी हो गई। हालात ऐसे बने कि कुछ परिजनों को मजबूर होकर दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल भरी रही।
दीपावली जैसे त्योहार के दौरान जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में प्रसव और ऑपरेशन जैसी जरूरी सेवाओं का प्रभावित होना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर तब, जब अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और अन्य गंभीर मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा की जरूरत होती है। चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के बीच मरीजों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्या की गई, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


