देहुरिडीह में छऊ चौपाल का आयोजन, ग्रामीण बच्चों और युवाओं को पारंपरिक नृत्य से जोड़ने का प्रयास; यूरोप से अमेरिका तक अपनी पहचान बना चुकी है सरायकेला छऊ
The ad is not displayed on the page
current post: सरायकेला छऊ की विरासत बचाने के लिए गांवों में तैयार होगी नई पीढ़ी, अंतरराष्ट्रीय पहचान वाली कला को जड़ों से जोड़ने की पहल, ID: 14316
Ad: ADVT 300x250-1 (14327)
Placement: Content (8616)
Find solutions in the manual

सरायकेला। सरायकेला छऊ का इतिहास काफी पुराना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा है। राजघराने के संरक्षण में विकसित हुई यह नृत्य शैली आज देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी है। इसके बावजूद बदलते समय में इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और गुरु-शिष्य परंपरा को जीवित रखना जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से रजतेंदु कला निकेतन की ओर से देहुरिडीह गांव में छऊ चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण बच्चों और युवाओं को छऊ के इतिहास, परंपरा और बारीकियों से परिचित कराते हुए इस कला को सीखने के लिए प्रेरित किया गया।
राजघराने के संरक्षण से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची छऊ
सरायकेला छऊ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में राजपरिवार के संरक्षण और कई प्रतिष्ठित गुरुओं का योगदान रहा है। वर्ष 1930 के दशक में छऊ कलाकारों के दल ने यूरोप में प्रस्तुतियां दी थीं। बाद में इस कला का विस्तार अमेरिका, जापान, फ्रांस, इटली, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों तक हुआ। गुरु केदार नाथ साहू, गुरु गोपाल प्रसाद दुबे, गुरु शशधर आचार्य और गुरु तपन कुमार पटनायक जैसे कलाकारों ने इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें कई कलाकार पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2010 में यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल होने से सरायकेला छऊ की वैश्विक पहचान को और मजबूती मिली।
गांवों में छिपी प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
छऊ चौपाल में बच्चों और युवाओं को नृत्य की विशिष्ट शैली, अंग संचालन, शारीरिक मुद्राओं, अभिनय, ताल-लय और अनुशासन की जानकारी दी गई। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना है। खासकर आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी इस पारंपरिक कला से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल
रजतेंदु कला निकेतन के संस्थापक एवं निदेशक गुरु रजतेंदु रथ के नेतृत्व में गांव-गांव सांस्कृतिक जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था चाहती है कि छऊ केवल मंचीय प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों में भी इसकी सीखने-सिखाने की परंपरा विकसित हो।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 10 की पार्षद शांति गोडसेरा, राजू गोडसेरा, विजय गोप, गुरु प्रसाद बास्के, शांति गोप, पूनम गोप, स्नेहा रजक, आशीष खंडायत, आकाश खंडायत, खुशी गोप, आशीष सोय, रूपाली रजक और आदि खंडायत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, बच्चे और कला प्रेमी उपस्थित थे।



