लोक आस्था, अटूट विश्वास और सूर्य उपासना का महापर्व छठ अब अपनी भक्ति और साधना के सबसे खास पड़ाव पर पहुंच गया है। आज खरना है। घर-आंगन में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। कहीं मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर यानी रसियाव बनाने की तैयारी है, तो कहीं सूप और दउरा में पूजा सामग्री सजाई जा रही है। घाटों की रौनक बढ़ने लगी है और श्रद्धालुओं के मन में छठी मैया के प्रति श्रद्धा और विश्वास उमड़ रहा है। यह पर्व केवल पूजा और उपवास तक सीमित नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं, मन्नतों, पारिवारिक रिश्तों और पीढ़ियों से चली आ रही लोक परंपराओं का ऐसा संगम है, जिसमें हर रस्म के साथ एक भावना और हर गीत के साथ एक प्रार्थना जुड़ी हुई है।
खरना की पावन शाम, गुड़ की खीर का भोग और 36 घंटे की कठिन तपस्या
चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन यानी खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुई शुद्धता और संयम की साधना आज एक नए पड़ाव पर पहुंचती है। खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ की खीर यानी रसियाव और गेहूं के आटे की रोटी तैयार की जाती है। केले सहित अन्य फल भी प्रसाद में शामिल किए जाते हैं। भोग अर्पित करने के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के सदस्यों तथा श्रद्धालुओं के बीच इसे वितरित किया जाता है।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रती 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का संकल्प लेते हैं। इसके बाद अन्न और जल दोनों का त्याग कर दिया जाता है। यह तपस्या उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद ही पूरी होती है। छठ की यही कठिन साधना व्रतियों के अटूट विश्वास, संयम और समर्पण को दर्शाती है।
छठ के गीतों में छिपी है मन्नत, ममता और परंपरा की कहानी
छठ महापर्व की सबसे खूबसूरत पहचान इसके पारंपरिक लोकगीत हैं। इन गीतों के बिना छठ की कल्पना अधूरी लगती है। कहीं बेटे की कामना है, कहीं बेटी के सुखद भविष्य की दुआ, तो कहीं सुहाग की सलामती और परिवार की खुशहाली की अरदास। छठी मैया के दरबार में लोकगीत ही भक्तों की भावनाओं और मनोकामनाओं की जुबान बन जाते हैं। इन गीतों में मां की ममता, बहन का स्नेह, पत्नी की प्रार्थना और परिवार के सुखी जीवन का सपना समाया होता है। यही वजह है कि छठ के गीत केवल धुन नहीं, बल्कि लोगों के जीवन और भावनाओं का हिस्सा हैं।
घाट की सफाई से अर्घ्य तक, हर रस्म के साथ जुड़ा है एक लोकगीत
छठ की तैयारियां शुरू होते ही घरों और घाटों पर लोकगीतों की गूंज सुनाई देने लगती है। घाटों की सफाई, पूजा स्थल की सजावट और प्रसाद तैयार करने के दौरान महिलाएं पारंपरिक गीत गाती हैं। ‘घटवा के आरी-आरी रोपब केरवा, बोअब नेबूवा…’ जैसे गीतों में प्रकृति, हरियाली और छठी मैया के स्वागत का भाव झलकता है।
वहीं जब व्रती सिर पर दौरा और बहंगी लेकर घाट की ओर बढ़ते हैं, तो ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए…’ की धुन हर किसी को छठ की भक्ति में सराबोर कर देती है। ‘केरवा फरेला घवद से, ओह पर सुग्गा मेड़राय…’ जैसे गीतों में प्रकृति और लोकजीवन की सुंदर तस्वीर उभरती है। ये गीत पीढ़ियों से चली आ रही उस संस्कृति को जीवंत रखते हैं, जो छठ को एक अलग पहचान देती है।
गीतों में भाई-बहन का प्यार, बेटियों के भविष्य और सुहाग की कामना
छठ के लोकगीतों में केवल सूर्य उपासना ही नहीं, बल्कि रिश्तों की मिठास भी सुनाई देती है। पूजा की सामग्री जुटाने के दौरान बहनें अपने भाइयों को याद करते हुए गाती हैं – ‘ले-ले अइह हो भैया केरवा के घवदिया।’ इस गीत में भाई के प्रति बहन का स्नेह और परिवार की एकजुटता झलकती है।
वहीं ‘रुनकी-झुनकी बेटी मांगिला, पढ़ल पंडितवा दामाद ए दीनानाथ…’ जैसे गीतों में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और उनके सुखी जीवन की कामना की जाती है। कोई संतान की मन्नत मांगता है, तो कोई सुहाग की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए छठी मैया से प्रार्थना करता है। इन गीतों की खासियत यही है कि इनमें आम जनजीवन की हर भावना को जगह मिलती है।
अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की आराधना, लोकगीतों से गूंजेंगे घाट
खरना के बाद व्रतियों और श्रद्धालुओं की निगाहें संध्या अर्घ्य पर टिकी रहेंगी। नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, गन्ना और मौसमी फल सजाए जाएंगे। व्रती पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान पूरा घाट ‘उग हो सुरुज देव, भेल अरघिया के बेर…’ और ‘मइया खोलहूं ना केवड़िया, हे दर्शनवा देहूं…’ जैसे पारंपरिक गीतों से गूंज उठेगा। अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
आस्था का ऐसा महापर्व, जहां पूरा परिवार बन जाता है सहभागी
छठ की खूबसूरती इसकी सामूहिकता और भावनात्मक जुड़ाव में भी है। इस पर्व पर शहरों में रहने वाले लोग गांव लौटते हैं, बेटियां मायके पहुंचती हैं और परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं। कोई गेहूं धोकर सुखाता है, कोई ठेकुआ बनाता है, तो कोई सूप और दउरा सजाता है। घर का हर सदस्य अपनी भूमिका निभाता है। जाति, वर्ग और अमीरी-गरीबी का भेद पीछे छूट जाता है और हर कोई एक ही श्रद्धा के साथ सूर्य देव और छठी मैया के चरणों में नमन करता है।
सच तो यह है कि छठ केवल 36 घंटे के निर्जला उपवास या सूर्य को अर्घ्य देने का पर्व नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, संस्कार और भावनाओं की विरासत है। खरना की गुड़ वाली खीर की मिठास हो या घाटों पर गूंजते लोकगीत, हर परंपरा में एक विश्वास और हर प्रार्थना में अपनों की खुशहाली छिपी है। जब व्रती हाथ जोड़कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तो उनके मन में बस एक ही कामना होती है – हे छठी मैया! सबके घर में सुख-शांति बनी रहे, संतान दीर्घायु हो, परिवार खुशहाल रहे और सभी की मनोकामनाएं पूरी हों। यही अटूट श्रद्धा और समर्पण छठ को जन-जन के हृदय में बसने वाला महापर्व बनाता है।


