-अधिवास पूजन और अखंड हरि कीर्तन के साथ गूंजेंगे भक्ति गीत, चंदन तिवारी और मोनिका मुंडू समेत कई नामी कलाकार बांधेंगे समां
सिमडेगा। पाकरटांड़ प्रखंड स्थित ऐतिहासिक एवं पवित्र तीर्थ स्थल श्री रामरेखा धाम में आज (23 नवंबर) से तीन दिवसीय राजकीय रामरेखा महोत्सव का भव्य आगाज हो रहा है. 25 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धाम में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हो चुका है और बाहर से संत-महात्माओं का आगमन भी हो गया है.
तीन दिनों तक चलेगा अनुष्ठान और सत्संग का दौरः
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महोत्सव के पहले दिन 23 नवंबर को अधिवास पूजन होगा. दूसरे दिन 24 नवंबर की सुबह से अखंड हरि कीर्तन की शुरुआत होगी, जबकि 25 नवंबर को हवन-पूजन, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जायेगा. इसके अलावा प्रतिदिन शाम को संतों द्वारा सत्संग-प्रवचन और धार्मिक चलचित्र का प्रदर्शन भी किया जायेगा.
चार राज्यों से जुटेंगे हजारों श्रद्धालुः
महोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. रामरेखा धाम की पहाड़ी और आसपास के इलाकों में सैकड़ों दुकानें सज चुकी हैं, जहां दूर-दराज से पहुंचे दुकानदारों ने मेला लगाया है. मेले में झारखंड के विभिन्न जिलों (रांची, गुमला आदि) के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से भी हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है.
सांस्कृतिक संध्या में बिखरेगी लोक कला की छटाः
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ महोत्सव में संगीत, नृत्य और स्थानीय कला-संस्कृति की भी धूम रहेगी. प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
23 नवंबर (पहला दिन): शाम 4 बजे उद्घाटन समारोह के बाद शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. इसमें लोक गायिका चंदन तिवारी (शाम 5 से 5.40 बजे), संगीत गुरुकुल (5.40 से 6 बजे), जगदीश बड़ाइक (6 से 6.30 बजे), पवन रॉय (6.30 से 7.15 बजे), रूपेश बड़ाइक (7.15 से 8 बजे) और सुमन गुप्ता (रात 8 से 9 बजे) अपनी प्रस्तुति देंगे.
24 नवंबर (दूसरा दिन): शाम 4.30 बजे से कथक नृत्य और 5 बजे से छऊ नृत्य का आकर्षक संगम दिखेगा. इसके बाद रजत आनंद (5.30 से 6.30 बजे), मोनिका मुंडू (6.30 से 7.15 बजे), नितेश कच्छप (7.15 से 8 बजे) और अंजली देवी (रात 8.15 से 9 बजे) मंच संभालेंगी. इनके अलावा दोनों दिन विभिन्न विद्यालयों, सांस्कृतिक समूहों और स्थानीय कला मंचों के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा.


