रांची: राजधानी रांची में नशेड़ियों के अड्डे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांके डैम स्थित अर्बन हार्ट में चल रहे कथित नशेड़ियों के जमावड़े की सूचना पर एसएसपी ने पुलिस टीम के साथ अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद कई युवक अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। इस छापेमारी की खास बात यह रही कि कार्रवाई के दौरान रांची पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मौके पर सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, सदर डीएसपी समेत कई थाना प्रभारी भी पहुंचे थे। इतनी बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


पुलिस की अचानक दबिश के बाद वहां मौजूद युवकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई युवक अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई बाइकों और आसपास के क्षेत्र की जांच की। हालांकि, कितनी बाइक जब्त की गईं और कितने लोगों की पहचान हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
राजधानी के सार्वजनिक स्थलों पर नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान पुलिस को क्या जानकारी मिलती है और मौके से फरार हुए युवकों की पहचान कर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।



