रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों को सजाने-संवारने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार शाम हटानिया छठ घाट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर की गई तैयारियों का जायजा लिया और छठ पूजा समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


बाबूलाल मरांडी ने समिति के सदस्यों से कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा से जुड़ी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। घाट पर आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने महापर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास और शुद्धता का पर्व है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह आडंबर से दूर रहकर पूरी सादगी, नियम और निष्ठा के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि बिहार और झारखंड की धरती से जुड़ा यह महापर्व आज देश के कई राज्यों में पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। यह प्रसन्नता की बात है कि छठ की आस्था अब विदेशों तक पहुंच चुकी है। अमेरिका समेत कई अन्य देशों में भी लोग पूरे नियम और निष्ठा के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं।



