चतरा: मजदूर काम करने प्लांट पहुंचे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुछ ही देर में उनकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। टंडवा स्थित NTPC के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में बुधवार को हुए भीषण हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई। कन्वेयर बेल्ट पर काम करने के दौरान मजदूर करीब 50 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गए। इस हादसे ने एक बार फिर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे? क्या सुरक्षा व्यवस्था की कमियां देखने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाता है? जब मजदूरों की जान चली जाती है, तब जांच शुरू होती है। तब पता लगाया जाता है कि सेफ्टी उपकरणों में कहां कमी थी, सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं और हादसे की वजह क्या रही। लेकिन यही जांच और निगरानी हादसे से पहले क्यों नहीं होती?
हादसे के बाद सुरक्षा की कमियां गिनने से क्या होगा?
करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर कन्वेयर बेल्ट में काम करना कितना जोखिम भरा है, यह किसी से छिपा नहीं है। ऐसे काम में सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता, उनकी नियमित जांच, सेफ्टी बेल्ट, कर्मचारियों की निगरानी और बचाव के इंतजाम बेहद जरूरी होते हैं। इसके बावजूद अगर इतनी बड़ी दुर्घटना हो जाती है, तो यह सवाल उठना लाजिमी है कि काम शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था की जांच किसने की थी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर जाकर इंतजामों का निरीक्षण किया था? क्या कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण दिए गए थे? और अगर दिए गए थे, तो फिर पांच मजदूरों की जान कैसे चली गई?
थॉयसन कंपनी के प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि वह फिलहाल छुट्टी पर हैं। संबंधित कर्मियों द्वारा फोन रिसीव नहीं किए जाने के कारण उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी को लेकर हो रही चर्चाओं की वास्तविक स्थिति गहन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि, हादसे के बाद केवल तकनीकी कारणों की जांच काफी नहीं होगी। यह भी देखना होगा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों और संबंधित कंपनी ने अपनी जिम्मेदारी कितनी गंभीरता से निभाई।
31 अक्टूबर को भी गई थी एक मजदूर की जान…
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को खलारी के सीसीएल एनके एरिया स्थित केडीएच में निर्माणाधीन कोल हैंडलिंग प्लांट (साइलो) में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। मधुकोन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के तहत काम कर रहे रामस्वरूप चौहान करीब 30 मीटर की ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका सेफ्टी बेल्ट टूट गया और वह नीचे गिर पड़े। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।
चिंता की बात यह है कि इसी परियोजना में करीब एक साल के भीतर यह दूसरी मौत थी। इससे पहले 4 नवंबर 2025 को सुखदेव गंझू की निर्माणाधीन बंकर की सीढ़ियों से करीब 13 मीटर नीचे गिरने से मौत हो गई थी। यानी एक ही निर्माण परियोजना में दो मजदूरों की जान चली गई। इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे। अब NTPC टंडवा में पांच मजदूरों की मौत ने एक बार फिर वही सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर इतनी बड़ी लापरवाही की गुंजाइश कैसे बनी रहती है?
मौत के बाद मुआवजा, लेकिन परिवार को कौन लौटाएगा उसका अपना?
ऐसे हादसों के बाद अक्सर मुआवजे की घोषणा होती है। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देकर जिम्मेदारी पूरी मान ली जाती है। लेकिन क्या एक मजदूर की जिंदगी की कीमत सिर्फ कुछ लाख रुपये है? जिस व्यक्ति की कमाई से परिवार का घर चलता था, उसके जाने के बाद बच्चों का भविष्य, पत्नी का सहारा और बूढ़े माता-पिता की उम्मीदें कौन लौटाएगा? मुआवजे से कुछ समय के लिए आर्थिक मदद मिल सकती है, लेकिन किसी परिवार से उसका अपना इंसान वापस नहीं लाया जा सकता।
आखिर कब तक हादसों के बाद ही जागेंगे अधिकारी?
सवाल सिर्फ NTPC टंडवा में हुए हादसे का नहीं है। सवाल उस व्यवस्था का है, जहां सुरक्षा की समीक्षा अक्सर दुर्घटना के बाद शुरू होती है। अधिकारियों को हादसे के बाद कमियां ढूंढने के बजाय पहले से उनकी पहचान करनी चाहिए। नियमित निरीक्षण, सुरक्षा उपकरणों की जांच, कर्मचारियों को प्रशिक्षण और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।
अब जरूरत केवल जांच और मुआवजे की नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने की है। NTPC प्रबंधन को स्पष्ट करना चाहिए कि हादसे से पहले सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, उनकी निगरानी कौन कर रहा था और पांच मजदूरों की जान जाने की नौबत क्यों आई। यदि कहीं लापरवाही हुई है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई भी होनी चाहिए।
आखिर मजदूरों की जान जाने के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था क्यों याद आती है? क्या हर बार किसी परिवार के उजड़ने के बाद ही अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे? क्या मजदूरों की जिंदगी इतनी सस्ती है कि हादसे के बाद मुआवजा देकर मामला खत्म मान लिया जाए?


