सोना सोबरन खिचड़ी सेवा केंद्र में श्रद्धालुओं के साथ उपायुक्त, एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने ग्रहण किया भोजन, बच्चों के धन्यवाद ने जीता सबका दिल
बोकारो। लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 के दौरान टेंट सिटी में संचालित सोना सोबरन खिचड़ी सेवा केंद्र में सादगी और आत्मीयता की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं रुपी सोरेन की स्मृति में संचालित इस सेवा केंद्र में आम श्रद्धालुओं के साथ उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी पारंपरिक खिचड़ी का भोजन किया।
इस दौरान सभी को झारखंड की परंपरा के अनुरूप साल के पत्ते पर खिचड़ी परोसी गई। पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए की गई इस सेवा पहल की सराहना की। उन्होंने पारंपरिक तरीके से भोजन ग्रहण कर सादगी, अपनत्व और सामूहिकता की भावना का संदेश दिया।
इस सेवा केंद्र में बच्चों की सहज मुस्कान ने भी लोगों का ध्यान खींचा। नन्हे आयुष सोरेन और अंशिका सोरेन ने खिचड़ी प्रसाद ग्रहण करने के बाद अपनी तोतली जुबान में धन्यवाद कहा। बच्चों के मासूम शब्दों और मुस्कान ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया। महोत्सव के बीच यह पहल सेवा, सम्मान और सामाजिक समरसता की भावना को खूबसूरती से सामने लाती नजर आई।


